
नोएडा: दिल्ली-एनसीआर में बढ़ते वायु प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए लगातार सख्त निर्देश जारी किए जा रहे हैं। निर्माण कार्यों से निकलने वाली धूल और सड़क पर जमा मिट्टी को हटाने के लिए संबंधित विभागों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। इसके बावजूद नोएडा के सेक्टर-52 मेट्रो स्टेशन के बाहर सड़क की स्थिति इन निर्देशों के पालन पर सवाल खड़े कर रही है। यहां सेक्टर-51 की ओर जाने वाली सड़क पर मिट्टी और धूल फैली हुई है, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार, सड़क किनारे नाले के निर्माण का काम करीब दो महीने से चल रहा है। इस दौरान फुटपाथ को तोड़कर निकाली गई मिट्टी सड़क पर ही छोड़ दी गई है। मिट्टी के ढेर और सड़क पर फैली धूल के कारण वाहनों के गुजरने पर धूल उड़ती है, जिससे आसपास का वातावरण प्रभावित हो रहा है। मेट्रो स्टेशन के बाहर आवाजाही करने वाले लोगों को भी इस स्थिति से परेशानी हो रही है।
40-45 दिन पहले शिकायत, फिर भी नहीं मिली राहत
स्थानीय निवासी अमित गुप्ता ने सड़क पर फैली मिट्टी और धूल को लेकर नोएडा प्राधिकरण की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि प्रदूषण नियंत्रण को लेकर हाल ही में केंद्रीय पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव ने एनसीआर के विभिन्न शहरों के अधिकारियों के साथ बैठक की थी। इस बैठक में प्रदूषण रोकने के लिए स्पष्ट निर्देश दिए गए थे और ‘नो विजिबल डस्ट’ यानी कहीं भी दिखाई देने वाली धूल नहीं होने पर जोर दिया गया था। बैठक में नोएडा प्राधिकरण के सीईओ भी शामिल हुए थे। इसके बावजूद सेक्टर-52 मेट्रो स्टेशन के बाहर सड़क पर धूल और मिट्टी जमा होना चिंता का विषय है। अमित गुप्ता का कहना है कि वह इस समस्या को लेकर करीब 40-45 दिन पहले भी शिकायत कर चुके हैं, लेकिन अब तक सड़क से मिट्टी हटाने और धूल को नियंत्रित करने के लिए कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने नोएडा प्राधिकरण के जनरल मैनेजर एसपी सिंह और सीनियर मैनेजर आरके शर्मा समेत संबंधित अधिकारियों को भी इस समस्या से अवगत कराया। आरोप है कि अधिकारियों को जानकारी देने और शिकायत करने के बाद भी स्थिति में कोई खास सुधार नहीं हुआ है। सड़क पर जमा मिट्टी अब भी लोगों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है।
प्रदूषण नियंत्रण को लेकर उच्चस्तरीय बैठकों में सख्त निर्देश दिए जाने के बावजूद यदि शहर की प्रमुख सड़कों पर इस तरह धूल फैली रहती है, तो जमीनी स्तर पर निगरानी और कार्रवाई की व्यवस्था पर सवाल उठना स्वाभाविक है। स्थानीय निवासी अब उम्मीद कर रहे हैं कि नोएडा प्राधिकरण इस मामले को गंभीरता से लेते हुए सड़क से मिट्टी हटवाएगा और धूल को नियंत्रित करने के लिए आवश्यक कदम उठाएगा।