
धौलाना: हापुड़ जनपद के धौलाना थाना क्षेत्र के गांव देहरा में उमर मोहम्मद की हत्या के मामले में पुलिस ने एक और नामजद आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किया गया डंडा भी बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मुस्तफा पुत्र मुस्ताक निवासी मोहल्ला पिरोचियान, गांव देहरा के रूप में हुई है। पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार, करीब नौ दिन पहले गांव देहरा में दो पक्षों के बीच विवाद हो गया था। विवाद के दौरान उमर मोहम्मद पर लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से हमला किए जाने का आरोप है। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। घटना के बाद परिजन उन्हें उपचार के लिए मेरठ के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उनकी गंभीर हालत को देखते हुए वेंटिलेटर पर रखा गया था। हालांकि, उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई थी।
आठ लोगों के खिलाफ दर्ज हुआ था मुकदमा, अब तक चार गिरफ्तार
उमर मोहम्मद की मौत के बाद मामले में राशिद अली की तहरीर के आधार पर आठ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई शुरू की थी। इस मामले में पहले ही तीन नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। अब पुलिस ने चौथे आरोपी मुस्तफा को भी गिरफ्तार कर लिया है। क्षेत्राधिकारी पिलखुवा मुनीश चन्द्र ने बताया कि मामले में वांछित चल रहे आरोपी मुस्तफा को नहर पुल से ईदगाह की ओर जाने वाले रास्ते से गिरफ्तार किया गया। आरोपी से पूछताछ और उसकी निशानदेही के आधार पर घटना में इस्तेमाल किया गया डंडा बरामद किया गया है।पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार, मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। आठ नामजद आरोपियों में से अब तक चार की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि शेष आरोपियों के संबंध में कार्रवाई जारी है।