
उत्तर प्रदेश: गढ़ गंगा कार्तिक मेले में श्रद्धालुओं की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने हुड़दंग करने वालों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। इसी क्रम में थाना गढ़मुक्तेश्वर पुलिस ने मेले में ट्रैक्टर पर सवार होकर हुड़दंग करने के आरोप में चार युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से सोनालिका ट्रैक्टर को भी मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज कर दिया पुलिस के अनुसार, जनपद में अपराधों की रोकथाम और सार्वजनिक स्थानों पर अराजकता फैलाने वालों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत गढ़ गंगा मेले में हुड़दंग करते हुए जा रहे चार युवकों को गढ़ चौपला के पास पकड़ लिया गया। पुलिस ने चारों को गिरफ्तार कर लिया और उनके कब्जे में मौजूद ट्रैक्टर को सीज करने की कार्रवाई की।
मेरठ जिले के रहने वाले हैं चारों आरोपी
गिरफ्तार युवकों की पहचान सचिन पुत्र नानक निवासी ग्राम ततिना, थाना मवाना, मेरठ, शुभम पुत्र अरुण निवासी ग्राम पनवाड़ी, थाना दौराला, मेरठ तथा सागर पुत्र संजीव और आदर्श पुत्र संजीव निवासी मोहल्ला दौलतराम कॉलोनी, कंकरखेड़ा, थाना दौराला, जनपद मेरठ के रूप में हुई है। पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ अग्रिम वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही हुड़दंग में इस्तेमाल किए गए सोनालिका ट्रैक्टर को मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज किया गया है। गढ़ गंगा कार्तिक मेले में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने के मद्देनजर पुलिस सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी में जुटी हुई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मेले में शांति व्यवस्था बनाए रखने, श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने और यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है। सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग, अराजकता या कानून व्यवस्था प्रभावित करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।