
धौलाना: हापुड़ जनपद के साठा चौरासी क्षेत्र के गांव नंदपुर में गुरुवार को वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की प्रतिमा का भव्य अनावरण किया गया। जयप्रकाश सिंह सिसौदिया की प्रथम पुण्यतिथि पर आयोजित समारोह में पूर्व सांसद ब्रजभूषण शरण सिंह ने प्रतिमा का अनावरण कर महाराणा प्रताप को श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस अवसर पर क्षेत्र के अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम में महाराणा प्रताप के अदम्य साहस, त्याग, स्वाभिमान और मातृभूमि के प्रति समर्पण को याद किया गया। समारोह को संबोधित करते हुए ब्रजभूषण शरण सिंह ने कहा कि महाराणा प्रताप का जीवन साहस, संघर्ष और आत्मसम्मान का प्रतीक है। उन्होंने विपरीत परिस्थितियों में भी अपने सिद्धांतों और मातृभूमि के सम्मान से कभी समझौता नहीं किया। उनका व्यक्तित्व और जीवन संघर्ष आज भी देश की युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि भारतीय इतिहास में महाराणा प्रताप का नाम हमेशा सम्मान के साथ लिया जाता रहेगा।
साठा चौरासी की वीरता और बलिदान की परंपरा को किया याद
पूर्व सांसद ने साठा चौरासी क्षेत्र की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि का उल्लेख करते हुए कहा कि इस क्षेत्र की पहचान वीरता, संघर्ष और बलिदान की गौरवशाली परंपरा से रही है। यहां के लोगों ने अलग-अलग दौर में देश और समाज के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया है। इस क्षेत्र को लघु मेवाड़ के नाम से भी जाना जाता है। उन्होंने कहा कि महापुरुषों की प्रतिमाएं स्थापित करने का उद्देश्य केवल उनका स्मरण करना नहीं, बल्कि उनके आदर्शों और विचारों को नई पीढ़ी तक पहुंचाना भी है। समाज को अपने इतिहास और सांस्कृतिक विरासत से जुड़े रहना चाहिए। उन्होंने भारतीय संस्कृति में शस्त्र और शास्त्र दोनों के महत्व पर भी अपने विचार रखे। वेदव्यास, महर्षि वाल्मीकि और गोस्वामी तुलसीदास जैसे महान व्यक्तित्वों का उल्लेख करते हुए उन्होंने युवाओं से महापुरुषों के विचारों और संस्कारों को आत्मसात करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में भाजपा विधायक धर्मेश तोमर ने कहा कि साठा चौरासी क्षेत्र का इतिहास वीरता और देशभक्ति से परिपूर्ण रहा है। यहां के वीर सपूतों ने देश की आन-बान और शान के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार आमजन की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए विकास कार्यों को गति दे रही है।
समारोह में लोकगायक उपेंद्र राणा ने अपनी रागनियों के माध्यम से महाराणा प्रताप के संघर्ष, मेवाड़ के गौरवशाली इतिहास और वीरता की परंपरा का वर्णन किया। उनकी प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों को भारतीय इतिहास और संस्कृति से जुड़ने का संदेश दिया। इस अवसर पर सिने अभिनेत्री स्वाति चौहान, साठा चौरासी विकास मंच के अध्यक्ष सुबोध सिसौदिया, अजीत तोमर, दिग्विजय सिसौदिया, नरेंद्र सिसोदिया, राष्ट्रवादी प्रताप सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललित राणा, अभिषेक तोमर, देवेंद्र सिसौदिया, प्रेस क्लब संयोजक दीक्षित राणा, गौरव राणा, राहुल गहलौत, शिवकुमार राणा, मंडल अध्यक्ष योगेश सिसौदिया, जीतपाल राणा प्रधान, यशपाल वीडीसी, गिरीश सिसौदिया, केपी सिंह, निरंजन शर्मा, कटार सिंह, हसमत ठेकेदार, राकेश राणा बासतपुर, गिरीश तोमर और मोहित पुंडीर सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम का मंच संचालन राष्ट्रीय कवि गुनवीर राणा ने किया। अंत में ब्रजेश राणा ने सभी अतिथियों और उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया।