
मथुरा: चार महीने से मांगलिक कार्यों पर लगा विराम अब समाप्त हो गया है। देवोत्थान एकादशी के साथ ही विवाह, गृह प्रवेश और अन्य शुभ संस्कारों का सिलसिला फिर शुरू हो गया है। मंदिरों में तुलसी-शालिग्राम विवाह की तैयारियां की जा रही हैं, वहीं शादी की योजना बना रहे परिवार भी आयोजन की तैयारियों में जुट गए हैं। नवंबर और दिसंबर में विवाह के कुल 11 शुभ मुहूर्त होने से सहालग के कारोबार में भी तेजी आने की उम्मीद है। कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की एकादशी को देवोत्थान या देवउठनी एकादशी कहा जाता है। धार्मिक मान्यता है कि इस दिन भगवान विष्णु चार महीने की योगनिद्रा से जागते हैं। इसी के साथ चातुर्मास समाप्त हो जाता है और विवाह सहित अन्य मांगलिक आयोजनों की शुरुआत होती है। इस अवसर पर घरों और मंदिरों में तुलसी तथा शालिग्राम का विवाह कराने की परंपरा भी है।
नवंबर में चार और दिसंबर में सात शुभ मुहूर्त
ज्योतिषाचार्य कामेश्वर नाथ चतुर्वेदी और साहित्य आचार्य शरद चतुर्वेदी के अनुसार, एकादशी तिथि 20 नवंबर को सुबह 7:15 बजे शुरू होकर 21 नवंबर को सुबह 6:31 बजे तक रहेगी। अधिकांश स्थानों पर 21 नवंबर को तुलसी विवाह आयोजित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि नवंबर महीने में 21, 24, 25 और 26 तारीख को विवाह के शुभ मुहूर्त हैं। वहीं दिसंबर में 2, 3, 4, 5, 6, 11 और 12 तारीख को विवाह किए जा सकेंगे। इस तरह दोनों महीनों में कुल 11 शुभ तिथियां मिल रही हैं। ज्योतिषाचार्यों के मुताबिक, 12 दिसंबर इस वर्ष का अंतिम विवाह मुहूर्त रहेगा। इसके बाद सूर्य के धनु राशि में प्रवेश के साथ खरमास शुरू हो जाएगा। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार खरमास में विवाह और गृह प्रवेश जैसे मांगलिक कार्य नहीं किए जाते हैं। यह अवधि मकर संक्रांति तक रहती है। ऐसे में विवाह की तैयारी कर रहे परिवारों के लिए नवंबर के अंतिम सप्ताह और दिसंबर के शुरुआती दिन महत्वपूर्ण रहेंगे। चार महीने बाद सहालग शुरू होने से शादी समारोहों से जुड़े कारोबार में भी रौनक लौटने की उम्मीद है।