‘लव जिहाद’ के नाम पर युवक की पिटाई का वीडियो वायरल, दो युवक हिरासत में

गाजियाबाद: खोड़ा थाना क्षेत्र से एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक युवक की कथित तौर पर पिटाई की जा रही है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए जांच शुरू कर दी है।

चारपाई पर उल्टा लिटाकर पिटाई का वीडियो

वायरल वीडियो में एक युवक को चारपाई पर उल्टा लिटाकर डंडे से पीटते हुए देखा जा रहा है। वीडियो में कुछ युवक उस पर ‘लव जिहाद’ फैलाने का आरोप लगाते हुए गाली-गलौज और आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल करते नजर आ रहे हैं। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद यह मामला पुलिस के संज्ञान में आया। पुलिस अब वायरल वीडियो से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि युवक की पिटाई किन परिस्थितियों में की गई।

इंस्टाग्राम आईडी से पोस्ट हुआ था वीडियो

बताया जा रहा है कि यह वीडियो ‘कृष्णा ठाकुर’ नाम की इंस्टाग्राम आईडी से पोस्ट किया गया था। हालांकि, बाद में इस वीडियो को डिलीट कर दिया गया। वीडियो के वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच आगे बढ़ाई।

कृष्णा और ऋषि हिरासत में

पुलिस ने मामले में कृष्णा और ऋषि नाम के दो युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस दोनों से वीडियो और युवक की पिटाई से जुड़े पूरे घटनाक्रम को लेकर जानकारी जुटा रही है।

पिटाई का शिकार युवक कौन, जांच जारी

वहीं, वीडियो में पिटाई का शिकार युवक कौन है और उसके साथ यह घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसकी पुलिस जांच कर रही है। पुलिस वायरल वीडियो के साथ-साथ उससे जुड़े अन्य तथ्यों की भी पड़ताल कर रही है। फिलहाल पुलिस की जांच जारी है। मामले में आगे की कार्रवाई जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *