बिजली संकट से परेशान छोटपुर के लोग, सपा ने सुनी समस्याएं

नोएडा: छोटपुर कॉलोनी में पिछले करीब एक सप्ताह से बिजली संकट के चलते स्थानीय लोगों की परेशानी बढ़ गई है। गुरुवार को समाजवादी पार्टी नोएडा महानगर के पदाधिकारी और कार्यकर्ता कॉलोनी पहुंचे और स्थानीय लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान बिजली आपूर्ति बाधित होने के कारण लोगों को हो रही परेशानियों को प्रमुखता से उठाया गया। सपा नेताओं ने दावा किया कि छोटपुर क्षेत्र में पार्टी के कार्यकाल के दौरान नियमानुसार करीब 9,000 बिजली कनेक्शन दिए गए थे। इसके बावजूद वर्तमान में हजारों परिवार बिजली की समस्या से जूझ रहे हैं। बिजली आपूर्ति बाधित होने का असर लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी पर पड़ रहा है। बच्चों की पढ़ाई प्रभावित होने के साथ-साथ महिलाओं, बुजुर्गों और अन्य लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

स्थानीय लोगों ने सपा नेताओं को अपनी समस्याओं से अवगत कराया। पार्टी नेताओं ने बिजली संकट के अलावा क्षेत्र में सड़क और अन्य मूलभूत सुविधाओं की कमी का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने भाजपा सरकार पर जनसमस्याओं की अनदेखी करने का आरोप लगाया। साथ ही स्थानीय जनप्रतिनिधियों से भी लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए आगे आने की मांग की।

डीएम कार्यालय घेराव की चेतावनी

स्थानीय महिलाओं ने चेतावनी दी कि यदि जन्माष्टमी के बाद भी बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हुई तो जिलाधिकारी कार्यालय का घेराव किया जाएगा। समाजवादी पार्टी ने कहा कि इस आंदोलन में पार्टी कार्यकर्ता स्थानीय लोगों के साथ खड़े रहेंगे। पार्टी नेताओं ने कहा कि बिजली जैसी बुनियादी सुविधा के लिए लोगों को लंबे समय तक परेशान नहीं होना चाहिए। इस दौरान करीब 150 युवाओं के समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण करने का दावा भी किया गया। पार्टी नेताओं ने नए सदस्यों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी गरीब, मजदूर, किसान, युवा, महिला और आम जनता से जुड़ी समस्याओं को लगातार उठाती रहेगी।

कार्यक्रम में शिवराम यादव, बबलू चौहान, लालू यादव, बब्बू यादव, नौशाद आलम, कैलाश यादव, नूरुलहासन, लोकेश यादव, रामसहेली, विश्वास, चांद भाई, वीरेश यादव, अच्छे मियां, गुलजार अल्वी, सोनू चौधरी, कुलदीप, राहुल यादव सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *