
दिल्ली: दिल्ली-NCR में जन्माष्टमी से शुरू हुआ बारिश का सिलसिला शनिवार सुबह भी जारी रहा। राजधानी दिल्ली के साथ नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम, फरीदाबाद और आसपास के कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ बारिश हुई। लगातार बारिश से मौसम सुहाना हो गया और लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली।
शनिवार तड़के से ही आसमान में काले बादल छाए रहे और कई इलाकों में झमाझम बारिश होती रही। सुबह काम पर जाने वाले लोगों और स्कूली बच्चों को बारिश के बीच घर से निकलना पड़ा। बारिश के कारण तापमान में भी गिरावट देखने को मिली।
जलभराव और जाम से बढ़ी परेशानी
बारिश ने जहां गर्मी और उमस से राहत दी, वहीं कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई। सुबह के समय सड़कों पर पानी भरने से वाहन चालकों को परेशानी हुई। कई प्रमुख मार्गों पर ट्रैफिक की रफ्तार भी धीमी रही और लोगों को जाम का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग के अनुसार, मानसून की सक्रियता और स्थानीय मौसमी परिस्थितियों के चलते दिल्ली-NCR में बारिश का दौर बना हुआ है। मौसम वैज्ञानिकों ने अगले 24 से 48 घंटे के दौरान क्षेत्र में बादल छाए रहने और मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना जताई है। बारिश के चलते वायु गुणवत्ता में भी सुधार देखने को मिल रहा है।