जन्माष्टमी मेले से लौट रहे परिवार को डंपर ने रौंदा, मां-बेटी की मौत

उत्तर प्रदेश: सुलतानपुर में अयोध्या-प्रयागराज मार्ग पर शुक्रवार देर रात दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। गोसाईगंज के पास जन्माष्टमी का मेला देखकर बाइक से घर लौट रहे परिवार को तेज रफ्तार डंपर ने पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में मां और बेटी की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग घायल हो गए। दुर्घटना के बाद डंपर चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। गोसाईगंज क्षेत्र के इनायतपुर निवासी अवधेश शुक्रवार रात अपनी भाभी रेखा, भतीजे तेजस और भतीजी वर्षा को बाइक पर बैठाकर गुप्तारगंज में कृष्ण जन्माष्टमी का मेला देखने गए थे। रात करीब साढ़े दस बजे सभी लोग वापस घर लौट रहे थे।

भीड़ के बीच हुआ हादसा

परिवार जब बाबूगंज खेड़ी गांव के पास पहुंचा, उस समय सड़क किनारे जन्माष्टमी की झांकी सजी होने के कारण वहां भीड़ थी। इसी दौरान अयोध्या की ओर से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने पीछे से बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर के बाद रेखा गंभीर रूप से घायल हो गईं और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से अवधेश, तेजस और वर्षा को एंबुलेंस के जरिए मेडिकल कॉलेज सुलतानपुर भेजा गया। अस्पताल में उपचार के दौरान वर्षा ने भी दम तोड़ दिया। इस हादसे में मां-बेटी की मौत के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस के मुताबिक, दुर्घटना के बाद आरोपी चालक डंपर लेकर फरार हो गया। थानाध्यक्ष अखंडदेव मिश्रा ने बताया कि फरार चालक और दुर्घटना में शामिल वाहन की तलाश की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *