बच्चे के जन्म की खुशी में घर आए थे पिता, बेटी के सामने सड़क हादसे में मौत

उत्तर प्रदेश: रामपुर के अजीमनगर क्षेत्र में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार 40 वर्षीय सत्तार अली की मौत हो गई। वह अपनी बेटी के साथ रिश्तेदारी से लौट रहे थे, तभी समोदिया के पास तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बेटी को मामूली चोटें आईं, जबकि सत्तार गंभीर रूप से घायल हो गए। सत्तार अली जयपुर में सिलाई का काम करते थे। पत्नी के प्रसव पीड़ा में होने की वजह से वह कुछ समय पहले घर आए थे। शनिवार दोपहर वह अपनी बेटी के साथ स्वार स्थित रिश्तेदारी में खैरियत लेने गए थे। दोपहर बाद दोनों बाइक से गांव बजावाला लौट रहे थे। इसी दौरान रामपुर की तरफ से आ रही तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।

एंबुलेंस में देरी का आरोप

टक्कर इतनी तेज थी कि सत्तार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद कार भी अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी। आरोप है कि कार चालक मौके से फरार हो गया। वहीं घायल सत्तार करीब 15 मिनट तक सड़क पर पड़े तड़पते रहे।

पास के पेट्रोल पंप के स्वामी शावी मियां की नजर घायल पर पड़ी। उन्होंने ग्रामीणों की मदद से सत्तार को अस्पताल पहुंचाने का प्रयास किया। बताया गया कि 108 एंबुलेंस को सूचना देने के बावजूद उसके पहुंचने में देरी हो रही थी। इसके बाद सोनकपुर निवासी इमरान की बाइक से घायल को सीएचसी स्वार ले जाया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद सत्तार की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें तत्काल रेफर कर दिया। परिजन उन्हें लेकर अस्पताल जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।

सत्तार की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। बेटी की आंखों के सामने पिता की मौत होने से वह सदमे में है। वहीं प्रसव पीड़ा से गुजर रही पत्नी को जब पति की मौत की खबर मिली तो उसकी हालत भी बेहद खराब हो गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों के मुताबिक, सत्तार आने वाले बच्चे का चेहरा देखने की उम्मीद में घर लौटे थे, लेकिन उससे पहले ही उनकी जिंदगी खत्म हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कोतवाल अनुपम शर्मा ने बताया कि तहरीर मिली है। पुलिस हादसे की जांच कर रही है और फरार कार चालक की तलाश की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *