केरल के त्रिशूर में भीषण हादसा, खड़े ट्रक से टकराई कार; 8 इंजीनियरिंग छात्रों की मौत

तमिलनाडु: केरल के त्रिशूर में राष्ट्रीय राजमार्ग-66 पर शुक्रवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में आठ लोगों की मौत हो गई। हादसा इतना जोरदार था कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। कार सवार सात लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि एक घायल की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई।

पुलिस के मुताबिक, दुर्घटना रात करीब 11:40 बजे कैपमंगलम के पास पनमपिकुन्नू इलाके में हुई। कार गुरुवायूर से कोडुंगल्लूर की ओर जा रही थी। इसी दौरान सड़क पर निर्माण कार्य के चलते उसी दिशा में खड़ी एक लॉरी से कार की जोरदार टक्कर हो गई। मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, सभी मृतक तमिलनाडु के रहने वाले इंजीनियरिंग छात्र थे। घटनास्थल से डिंडीगुल स्थित पीएसएनए इंजीनियरिंग कॉलेज के एक छात्र का पहचान पत्र भी बरामद हुआ है। हादसे में शामिल कार का पंजीकरण भी तमिलनाडु का बताया गया है।

कार काटकर निकाले गए घायल

टक्कर के बाद कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई थी और उसमें सवार लोग अंदर फंस गए। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों के साथ पुलिस और दमकल एवं बचाव दल मौके पर पहुंचा और राहत अभियान शुरू किया गया। दो घायलों को बाहर निकालने के लिए बचाव कर्मियों को कार को काटना पड़ा।

पुलिस ने सभी शवों को त्रिशूर मेडिकल कॉलेज के मुर्दाघर में भेज दिया है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। शुरुआती तौर पर निर्माण कार्य के कारण सड़क पर खड़ी लॉरी से कार की टक्कर को दुर्घटना की वजह माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *