बिहार में बदलेगा 71 साल पुराना इतिहास, सीएम सम्राट चौधरी ने किया बड़ा ऐलान

बिहार: बिहार में अगले तीन साल बाद 71 साल पुराना इतिहास बदलने जा रहा है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पटना के गांधी मैदान में आयोजित श्रीकृष्ण महोत्सव 4.0-2026 ‘कान्हा के रंग, उत्सव के संग’ कार्यक्रम के दौरान इसका ऐलान किया। उन्होंने कहा कि अगले वर्ष मार्च तक मरीन ड्राइव के समीप तीन बड़े मैदान तैयार हो जाएंगे। इनमें से एक का नाम रामलीला मैदान रखा जाएगा। मुख्यमंत्री ने बताया कि इसके बाद गांधी मैदान में होने वाले रामलीला और रावण वध के कार्यक्रम को नए मैदान में स्थानांतरित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि वहां दोनों आयोजनों की पूरी व्यवस्था के साथ कार्यक्रम कराए जाएंगे। दशहरा कमेटी ट्रस्ट वर्ष 1955 से गांधी मैदान में रामलीला महोत्सव और रावण वध का आयोजन कर रहा है। समिति की ओर से लंबे समय से इन आयोजनों के लिए अलग स्थान उपलब्ध कराने की मांग की जा रही थी। मुख्यमंत्री ने बताया कि इस संबंध में पटना के जिलाधिकारी को निर्देश दिए गए हैं। मार्च के बाद नए मैदान का हैंडओवर होते ही इसे समिति को उपलब्ध करा दिया जाएगा।

श्रीकृष्ण का संदेश

श्रीकृष्ण महोत्सव की शुभकामनाएं देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण ने अन्याय के खिलाफ खड़े होने और सत्य की विजय का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि महाभारत के समय श्रीकृष्ण ने शांति के लिए हर संभव प्रयास किया और कौरवों से केवल पांच गांव देने की बात कही, लेकिन अन्याय के कारण युद्ध टल नहीं सका। गीता के माध्यम से उन्होंने अर्जुन को कर्तव्य और धर्म का बोध कराया। मुख्यमंत्री ने बिहार में जारी बाढ़ की स्थिति का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि पिछले 10 वर्षों की तुलना में इस समय गंगा का जलस्तर काफी अधिक है। गंगा बेसिन वाले जिलों में अधिकारियों और मंत्रियों को लगाया गया है और सरकार स्थिति पर नजर रख रही है। उन्होंने बताया कि सोन और गंडक नदियों से भी बड़ी मात्रा में पानी आ रहा है, जबकि नेपाल की तराई से आने वाले पानी के कारण हर साल बिहार के लोगों को परेशानी होती है।

सम्राट चौधरी ने कहा कि सरकार कोसी, गंडक और गंगा बेसिन को व्यवस्थित करने के लिए व्यापक योजना पर काम कर रही है। केंद्रीय जल आयोग के साथ मिलकर दोनों बेसिनों के किनारे सड़क निर्माण और वाटर ट्रांसपोर्टेशन की व्यवस्था विकसित करने पर भी काम किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प के अनुरूप बिहार को भी समृद्ध और विकसित बनाने के लिए सरकार काम कर रही है। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की परिकल्पना के अनुरूप बिहार को समृद्ध बनाने की रूपरेखा तैयार किए जाने की बात कही।

अंत में मुख्यमंत्री ने श्रीकृष्ण महोत्सव और दही हांडी प्रतियोगिता के आयोजन के लिए दशहरा कमेटी ट्रस्ट को बधाई दी। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से बिहार की सनातन संस्कृति और भारतीय संस्कृति को जन-जन तक पहुंचाने में मदद मिलती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *