नोएडा विधानसभा सीट से भरत यादव को मिल सकता है सपा का टिकट

नोएडा: उत्तर प्रदेश में 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों की तैयारियां शुरू हो गई हैं। नोएडा विधानसभा सीट पर भाजपा के मौजूदा विधायक पंकज सिंह के सामने विपक्ष किस प्रत्याशी को मैदान में उतारेगा, इसे लेकर चर्चा तेज हो गई है। शहर में सबसे ज्यादा चर्चा समाजवादी पार्टी से जुड़े वरिष्ठ समाजसेवी भरत यादव के नाम की हो रही है। हालांकि, सपा की ओर से अभी तक उनके टिकट को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। पंकज सिंह पिछले कई वर्षों में नोएडा विधानसभा क्षेत्र में अपनी मजबूत राजनीतिक पहचान बना चुके हैं। वह देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के पुत्र भी हैं। ऐसे में भाजपा के लिए नोएडा सीट पर उनका विकल्प तलाशना फिलहाल आसान नहीं माना जा रहा है। विपक्षी दलों के सामने भी उनके मुकाबले मजबूत प्रत्याशी उतारने की चुनौती है।

सपा के सक्रिय नेता माने जाते हैं भरत यादव

भरत यादव नोएडा के गढ़ी चौखंडी गांव के पूर्व प्रधान स्वर्गीय चौधरी रघुवीर सिंह प्रधान के पुत्र हैं। उनका राजनीतिक जुड़ाव नोएडा के गांवों और समाजवादी पार्टी से रहा है। उनके पिता भी सपा की राजनीति में सक्रिय भूमिका निभाते थे। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव उनके पिता के सम्मान में प्रतिमा का अनावरण करने नोएडा पहुंच चुके हैं। भरत यादव नोएडा इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल के चेयरमैन होने के साथ ही समाजवादी पार्टी के प्रदेश सचिव भी हैं। पार्टी में उनकी सक्रियता और क्षेत्र में सामाजिक पहचान को देखते हुए उन्हें नोएडा विधानसभा सीट के संभावित प्रत्याशियों में शामिल माना जा रहा है।

हालांकि, भरत यादव से जुड़े सूत्रों के अनुसार उनकी प्राथमिकता नोएडा के बजाय बुलंदशहर की सिकंदराबाद विधानसभा सीट हो सकती है। अब यह फैसला समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को करना है कि भरत यादव को नोएडा से चुनाव लड़ाया जाएगा या किसी अन्य विधानसभा सीट से मैदान में उतारा जाएगा। फिलहाल, टिकट को लेकर अंतिम निर्णय और आधिकारिक घोषणा का इंतजार है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *