पिपलैड़ा में दर्दनाक सड़क हादसा, अज्ञात वाहन की टक्कर से कामरान की मौत

धौलाना (संवाददाता अंकित गौतम)  गाजियाबाद के शहीद नगर में रिश्तेदारी में हुई मौत पर शोक व्यक्त करने जा रहे दो सगे भाइयों की बाइक को थाना धौलाना क्षेत्र के ग्राम पिपलैड़ा में तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में 17 वर्षीय कामरान की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका बड़ा भाई वसीम गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा पिपलैड़ा गांव में शाहजहां मस्जिद के पास हुआ। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार दोनों भाई सड़क पर जा गिरे। कामरान को गंभीर चोटें आईं और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं वसीम के सिर में गंभीर चोट लगने के बाद आसपास के लोगों ने उसे पिपलैड़ा स्थित न्यू लाइफ हॉस्पिटल में भर्ती कराया।

परिवार में मचा कोहराम

कस्बा धौलाना के छोटा मोहल्ला निवासी यूसुफ के पुत्र कामरान और वसीम सोमवार को बाइक से गाजियाबाद के शहीद नगर जा रहे थे। दोनों अपनी मौसी की लड़की की मौत की सूचना पर शोक व्यक्त करने के लिए निकले थे, लेकिन रास्ते में हुए हादसे ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया कामरान की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। हादसे की सूचना मिलने पर परिजन भी मौके पर पहुंच गए।हादसे की सूचना मिलते ही थाना धौलाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी अवनीश शर्मा ने बताया कि हादसे में मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, जबकि घायल वसीम का अस्पताल में उपचार चल रहा है। हादसे को अंजाम देने वाले अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है। तहरीर मिलने के बाद मामले में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *