
कानपुर: राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के परियोजना निदेशक पंकज यादव ने बुधवार को कानपुर के रमईपुर से लेकर महोबा के कबरई कस्बे तक नेशनल हाईवे-34 का निरीक्षण किया। लगातार बारिश के कारण क्षतिग्रस्त हुए हाईवे की स्थिति का जायजा लेने के बाद उन्होंने संबंधित अधिकारियों को बारिश थमते ही मरम्मत कार्य शुरू कराने के निर्देश दिए, ताकि राहगीरों और वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी न हो। निरीक्षण के दौरान सामने आया कि लगातार हुई बारिश से हाईवे के कई हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए हैं। जगह-जगह सड़क पर गड्ढे हो गए हैं, जिससे वाहनों के आवागमन में दिक्कत हो रही है। परियोजना निदेशक ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि बारिश रुकने के बाद मरम्मत कार्य में तेजी लाई जाए और सड़क को जल्द से जल्द आवागमन के लिए सुगम बनाया जाए।
अतिक्रमण हटाने की भी तैयारी
कस्बे में हुई संक्षिप्त वार्ता के दौरान परियोजना निदेशक ने हाईवे की खराब स्थिति को लेकर जानकारी दी। उन्होंने कहा कि लगातार बारिश के चलते सड़क को नुकसान पहुंचा है और बारिश थमते ही इसकी मरम्मत कराने के निर्देश अधिकारियों को दिए गए हैं। इसी दौरान कस्बे के अंदर जाम की समस्या को लेकर भी अधिकारियों ने मौके का जायजा लिया। परियोजना निदेशक के साथ आए अधिकारियों ने हाईवे के किनारे पैदल भ्रमण कर स्थिति देखी और हाईवे की जमीन की नापजोख कराई। नापजोख के आधार पर हाईवे की जमीन पर हुए अतिक्रमण को हटाने की रूपरेखा तैयार की गई है।
नेशनल हाईवे-34 भरुआ सुमेरपुर कस्बे के बीच से होकर गुजरता है। स्थानीय स्तर पर बस स्टॉप से लेकर पशु बाजार चौराहे तक हाईवे की जमीन पर अतिक्रमण की स्थिति बताई गई है। इसके चलते कस्बे के अंदर आए दिन जाम की समस्या बनी रहती है। अधिकारियों का मानना है कि हाईवे की जमीन को अतिक्रमण से मुक्त कराकर सड़क की चौड़ाई बढ़ाई जाती है तो कस्बे में यातायात व्यवस्था को काफी हद तक सुगम किया जा सकता है। नापजोख पूरी करने के बाद टीम वापस कानपुर लौट गई। परियोजना निदेशक ने जल्द ही कस्बे के अंदर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू कराने के संकेत दिए हैं।