ऑटो और लोडर की भीषण टक्कर, चालक की मौके पर मौत

उत्तर प्रदेश: बांदा मार्ग पर टेढ़ा और इसौली गांव के बीच बुधवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सवारियां छोड़कर गांव लौट रहे ऑटो में जसपुरा की ओर जा रहे लोडर ने सामने से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक उसी में फंस गया। हादसे में ऑटो चालक की मौत हो गई। टेढ़ा गांव निवासी रामप्रताप सिंह ने बताया कि उनका 27 वर्षीय बेटा दीनू सिंह किराए पर ऑटो लेकर चलाता था। बुधवार शाम करीब 5:30 बजे वह इसौली गांव में सवारियों को छोड़ने के बाद ऑटो लेकर वापस अपने गांव लौट रहा था। इसी दौरान टेढ़ा और इसौली के बीच गुप्ता पेट्रोल पंप के पास जसपुरा की ओर जा रहे लोडर ने सामने से ऑटो में जोरदार टक्कर मार दी।

किसानों ने तोड़कर निकाला चालक

हादसे के बाद ऑटो के परखच्चे उड़ गए और चालक दीनू सिंह वाहन के अंदर बुरी तरह फंस गया। दुर्घटना की आवाज सुनकर आसपास खेतों में काम कर रहे किसान मौके पर पहुंचे। किसानों ने काफी प्रयास के बाद ऑटो को तोड़कर चालक को बाहर निकाला। इसके बाद एंबुलेंस की मदद से उसे कस्बे के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सकों ने जांच के बाद दीनू सिंह को मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद लोडर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
परिजनों के अनुसार, दीनू सिंह पांच भाइयों में चौथे नंबर का था और उसकी शादी नहीं हुई थी। अचानक हुए हादसे से परिवार में मातम छा गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *