उज्जैन में लाखों दीयों से जगमगाए शिप्रा घाट, नितिन नवीन ने जलाया ‘आशीर्वाद का दीया’

उज्जैन: भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा और समर्पण के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर पार्टी की ओर से चलाए जा रहे राष्ट्रव्यापी सेवा संकल्प अभियान के तहत उज्जैन में ‘आशीर्वाद का दीया’ प्रज्वलित किया। उन्होंने मोक्षदायिनी मां शिप्रा के राम घाट पर यह दीप जलाया। राम घाट, नृसिंह घाट, महाकाल लोक और कार्तिक मेला मैदान क्षेत्र में लाखों दीयों की रोशनी से पूरा वातावरण जगमगा उठा। दीपों की अलौकिक आभा ने पूरे वातावरण को भावविभोर कर दिया। शिप्रा के घाट दीपों की रोशनी से जगमगाते नजर आए और कार्यक्रम में श्रद्धा, उत्साह तथा जनभागीदारी का माहौल दिखाई दिया। कार्तिक मेला मैदान के पास दीयों की जगमगाती रोशनी से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विशाल आकृति भी बनाई गई। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने इसका अवलोकन किया। लाखों दीपों से सजे क्षेत्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आकृति आकर्षण का केंद्र रही।

‘आशीर्वाद का दीया’ को बताया स्नेह और शुभकामनाओं की अभिव्यक्ति

इस अवसर पर नितिन नवीन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर समाज में आए बदलाव, लोगों के जीवन में हुए सकारात्मक परिवर्तन और देश के प्रति लोगों के बढ़े आत्मविश्वास को देखते हुए हर वर्ग और हर परिवार के भारतवासी मिलकर ‘आशीर्वाद का दीया’ जला रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह दीप केवल एक प्रतीक नहीं है, बल्कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति देशवासियों के स्नेह, शुभकामनाओं और आशीर्वाद की अभिव्यक्ति है। सेवा संकल्प अभियान के तहत उज्जैन में आयोजित कार्यक्रम में शिप्रा के विभिन्न घाटों पर लाखों दीप जलाए गए, जिससे पूरा क्षेत्र रोशनी से नहा उठा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *