अंबेडकर प्रतिमा लगाने को लेकर दो पक्ष आमने-सामने, गांव में पहुंचा भारी पुलिस बल

उत्तर प्रदेश: निघासन कोतवाली क्षेत्र के सरपतहा गांव में डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा स्थापित करने को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। प्रतिमा स्थापित किए जाने को लेकर विवाद की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। स्थिति को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया। विवाद की सूचना मिलने के बाद सीओ निघासन शिवम कुमार भी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने दोनों पक्षों से बातचीत की और स्थिति को संभालने का प्रयास किया। पुलिस की मौजूदगी में मामले को शांत कराने की कोशिश की गई।

ग्राम सभा की भूमि को लेकर पहले भी हुआ था विवाद

बताया जा रहा है कि जिस स्थान पर डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा स्थापित की जा रही थी, उसे ग्राम सभा की भूमि बताया जा रहा है। इसी भूमि को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले भी विवाद हो चुका है। प्रतिमा स्थापना को लेकर दोबारा विवाद सामने आने के बाद प्रशासन ने मौके पर पुलिस बल तैनात किया।

पुलिस की मौजूदगी के बाद फिलहाल मौके की स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है। प्रशासन की ओर से भूमि और प्रतिमा स्थापना से जुड़े मामले की जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *