
उत्तर प्रदेश: कस्बे में शनिवार रात बिजली के ट्रांसफार्मर में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। निरीक्षण भवन के समीप हाईवे किनारे रखे दो विद्युत ट्रांसफार्मर आग की चपेट में आकर जलकर खाक हो गए। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में पास में रखा दूसरा ट्रांसफार्मर भी इसकी चपेट में आ गया। घटना रात करीब 11 बजे की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, निरीक्षण भवन के समीप हाईवे किनारे रखे विद्युत ट्रांसफार्मर में अचानक फाल्ट आने के बाद आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। पास में ही दूसरा ट्रांसफार्मर रखा होने के कारण आग वहां तक भी पहुंच गई और दोनों ट्रांसफार्मर धू-धूकर जलने लगे। आग की लपटें देखकर आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। ट्रांसफार्मरों के आसपास कई दुकानें बनी हुई हैं। आग बढ़ने के कारण करीब आधा दर्जन दुकानें भी इसकी चपेट में आने के खतरे में थीं। हालांकि, आसपास के लोगों ने एकजुट होकर कड़ी मशक्कत की और आग पर काबू पा लिया। समय रहते आग बुझ जाने से दुकानों को नुकसान होने से बच गया।
18 घंटे से बिजली गुल, लोग परेशान
दोनों ट्रांसफार्मर जलने के बाद वार्ड संख्या 15 के आधे क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। बिजली आपूर्ति बंद होने से मोहल्लेवासियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, घटना के बाद से करीब 18 घंटे तक क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति नहीं हो सकी। विद्युत आपूर्ति बाधित होने के कारण लोगों के रोजमर्रा के काम भी प्रभावित हुए। लंबे समय तक बिजली नहीं आने से मोहल्ले के लोगों में परेशानी बनी हुई है। वहीं, जले हुए दोनों ट्रांसफार्मरों को बदलने और आपूर्ति बहाल करने की प्रक्रिया को लेकर लोगों की नजर बिजली विभाग पर है।
विद्युत वितरण उपखंड के अवर अभियंता कार्तिकेय त्रिपाठी ने बताया कि एलटी लाइन की केबिल में फाल्ट आने के कारण आग लगी। उन्होंने बताया कि हादसे में दो ट्रांसफार्मर जल गए हैं। विभाग की ओर से बिजली आपूर्ति बहाल करने के प्रयास किए जा रहे हैं। अवर अभियंता के अनुसार, शाम तक विद्युत आपूर्ति बहाल करने का प्रयास किया जा रहा है। फिलहाल दो ट्रांसफार्मर जलने के कारण वार्ड संख्या 15 के प्रभावित हिस्से में बिजली संकट बना हुआ है। दूसरी ओर, आग लगने के दौरान आसपास की दुकानों के सुरक्षित बच जाने से लोगों ने राहत की सांस ली।