धारदार हथियार से दरवाजा फाड़कर घर में घुसने का प्रयास, परिवार को जान से मारने की धमकी

हमीरपुर: क्षेत्र के ग्राम चंद्रपुरवा बुजुर्ग में मंगलवार की रात जमीनी विवाद की पुरानी रंजिश को लेकर घर पर पहुंचकर गाली-गलौज करने और धारदार हथियार से दरवाजा फाड़कर अंदर घुसने का प्रयास करने का मामला सामने आया है। पीड़ित परिवार ने आरोप लगाया है कि आरोपियों ने दहशत पैदा करने के उद्देश्य से अवैध तमंचे से हवाई फायरिंग भी की और परिवार को जान से मारने की धमकी दी। घटना के समय घर पर सास-बहू मौजूद थीं। पीड़ित परिवार ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। चंद्रपुरवा बुजुर्ग निवासी रामलाल साहू ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया है कि उसका परिवार के ही लोगों से जमीन को लेकर पुराना विवाद चल रहा है। आरोप है कि इसी पुरानी रंजिश के चलते मंगलवार की रात करीब 11 बजे परिवार का पप्पू साहू अपने चार-पांच साथियों के साथ उसके घर के बाहर पहुंच गया। आरोप है कि घर के बाहर पहुंचने के बाद सभी ने गाली-गलौज शुरू कर दी और धारदार हथियार से दरवाजे पर प्रहार करते हुए उसे फाड़कर घर के अंदर घुसने का प्रयास किया।

दरवाजे पर प्रहार के निशान, पुलिस जांच में जुटी

पीड़ित रामलाल साहू का आरोप है कि आरोपियों ने परिवार में दहशत पैदा करने के लिए अवैध तमंचे से हवाई फायरिंग भी की। धारदार हथियार से दरवाजे पर किए गए प्रहार के निशान भी बताए गए हैं। घटना के समय घर पर सास और बहू मौजूद थीं, जबकि परिवार के अन्य सदस्य बाहर थे। पीड़ित परिवार ने घटना के बाद पुलिस को तहरीर देकर न्याय की गुहार लगाई है। वहीं, पुलिस ने मामले को लेकर जांच शुरू कर दी है। थानाध्यक्ष पवन कुमार पटेल ने बताया कि मामले की जांच फैक्ट्री एरिया पुलिस चौकी इंचार्ज अंकित बैसला को सौंपी गई है।

पुलिस चौकी इंचार्ज अंकित बैसला ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। उन्होंने बताया कि जिस व्यक्ति पर आरोप लगाया जा रहा है, उसकी मां का मंगलवार को निधन हुआ है। जांच के दौरान फायरिंग से संबंधित कोई साक्ष्य नहीं मिले हैं। साथ ही आसपास के लोगों से जानकारी लेने पर किसी तरह का शोर सुनाई देने की बात भी सामने नहीं आई है। पुलिस चौकी इंचार्ज ने बताया कि पूरे मामले की गहनता से जांच की जा रही है। जांच के दौरान जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *