
मथुरा: छाता तहसील में नवागत उपजिलाधिकारी साक्षी शर्मा की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान क्षेत्र के अलग-अलग गांवों और इलाकों से पहुंचे लोगों ने अपनी समस्याएं अधिकारियों के सामने रखीं। विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 40 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से चार शिकायतों का अधिकारियों ने मौके पर ही निस्तारण कर दिया। शेष शिकायतों को निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से निस्तारित करने के निर्देश दिए गए। समाधान दिवस में पहुंचे फरियादियों ने राजस्व, पुलिस और अन्य विभागों से जुड़ी अपनी समस्याओं को अधिकारियों के समक्ष रखा। अधिकारियों ने एक-एक शिकायत को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागों के कर्मचारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। मौके पर ही चार शिकायतों का समाधान होने से संबंधित फरियादियों को राहत मिली।
लंबित शिकायतों के निस्तारण पर दिया जोर
नवागत एसडीएम साक्षी शर्मा ने बताया कि समाधान दिवस में प्राप्त शेष शिकायतों को संबंधित विभागों के माध्यम से तय समय सीमा के अंदर निस्तारित कराया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों का निस्तारण केवल कागजों पर न किया जाए, बल्कि उनकी गुणवत्ता और समस्या के वास्तविक समाधान पर विशेष ध्यान दिया जाए। एसडीएम ने यह भी स्पष्ट किया कि तहसील स्तर पर पूर्व की कोई भी शिकायत लंबित नहीं है। सभी मामलों का समय से निस्तारण सुनिश्चित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान प्रशासन की प्राथमिकता है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। संपूर्ण समाधान दिवस में तहसीलदार नितिन कुमार, नायब तहसीलदार रूबी यादव, पुलिस क्षेत्राधिकारी भूषण वर्मा, बीडीओ विवेक, कानूनगो अमर सिंह, हरिश्चंद्र, रतन सिंह और योगेंद्र सिंह सहित तहसील स्तर के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।