
ग्रेटर नोएडा: गौतमबुद्धनगर की जिलाधिकारी मेधा रूपम ने बुधवार को जिला कोषागार का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पेंशनरों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं और पेंशन से संबंधित कार्यों की स्थिति की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कोषागार में पेंशनरों के लिए की गई व्यवस्थाओं के साथ-साथ सुरक्षा और अभिलेखों के रख-रखाव का भी जायजा लिया। वरिष्ठ कोषाधिकारी शिखा गुप्ता ने जिलाधिकारी को जिला कोषागार की कार्यप्रणाली और पेंशनरों के लिए उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं के बारे में जानकारी दी। इसके बाद जिलाधिकारी ने पेंशनर हेल्प डेस्क और पेंशनर लाउंज का निरीक्षण किया। उन्होंने वहां पेंशनरों के बैठने की व्यवस्था, पेयजल और एसी की सुविधा को देखा। उन्होंने पेंशन से संबंधित कार्यों के निस्तारण की स्थिति और अभिलेखों के रख-रखाव की भी जानकारी ली। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पेंशनरों को सुविधाजनक और व्यवस्थित सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं तथा उनके कार्यों के निस्तारण में आवश्यक सुविधा और व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
डबल लॉक से लेकर अग्नि सुरक्षा तक का लिया जायजा
निरीक्षण के अगले चरण में जिलाधिकारी ने जिला कोषागार के डबल लॉक की सुरक्षा व्यवस्था को परखा। उन्होंने महत्वपूर्ण अभिलेखों और दस्तावेजों के सुरक्षित रख-रखाव की व्यवस्था के बारे में जानकारी ली। इसके साथ ही कोषागार में सुरक्षा से जुड़ी अन्य व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया गया। जिलाधिकारी ने कोषागार परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की स्थिति देखी। उन्होंने अग्निशमन उपकरणों और अग्नि सुरक्षा व्यवस्था का भी जायजा लिया। इसके अलावा शौचालय और परिसर में साफ-सफाई की स्थिति का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान पेंशनरों के लिए उपलब्ध सुविधाएं, सुरक्षा व्यवस्था और अन्य व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित पाई गईं। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को व्यवस्थाओं को इसी तरह बनाए रखने और पेंशनरों को किसी प्रकार की असुविधा न होने देने के निर्देश दिए। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी भाल चंद्र त्रिपाठी, वरिष्ठ कोषाधिकारी शिखा गुप्ता सहित संबंधित अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।