कुरारा में यमुना नदी में डूबने से 20 वर्षीय युवक की मौत, सुबह नदी में मिला शव

कुरारा, हमीरपुर: थाना क्षेत्र के भौली गांव में घर से बिना बताए नहाने गए 20 वर्षीय युवक की यमुना नदी में डूबने से मौत हो गई। युवक के काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन उन्हें नदी की ओर जाने का ख्याल नहीं आया। पूरे दिन और रात खोजबीन के बाद रविवार सुबह जमरेहीतीर गांव के पास यमुना नदी में युवक का शव उतराता हुआ दिखाई दिया। ग्रामीणों की सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे और शव की पहचान की। भौली गांव निवासी छोटू राजावत पुत्र शिवसिंह राजावत की उम्र करीब 20 वर्ष बताई गई है। बताया गया कि छोटू घरवालों को बिना बताए भौली गांव स्थित पंप कैनाल में नहाने के लिए गया था। काफी समय बीतने के बाद भी जब वह वापस घर नहीं पहुंचा तो परिजनों को चिंता हुई। इसके बाद उन्होंने युवक की आसपास के क्षेत्रों में तलाश शुरू कर दी। परिजन और ग्रामीण युवक को अलग-अलग स्थानों पर खोजते रहे, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिल सका। बताया गया कि खोजबीन के दौरान किसी का ध्यान नदी की तरफ नहीं गया। देर रात तक तलाश जारी रहने के बावजूद युवक का पता नहीं चल सका।

जमरेहीतीर के पास नदी में मिला शव

रविवार सुबह जमरेहीतीर गांव के पास ग्रामीणों ने यमुना नदी में एक शव उतराता हुआ देखा। शव दिखाई देने पर ग्रामीणों ने शोर मचाया और आसपास के लोगों को इसकी जानकारी दी। सूचना मिलने के बाद मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने शव की पहचान छोटू राजावत के रूप में की।

इसके बाद परिजनों और ग्रामीणों ने भौली गांव स्थित पंप कैनाल के पास जाकर देखा, जहां युवक के कपड़े और अन्य सामान पड़े मिले। इससे युवक के पंप कैनाल में नहाने के लिए जाने की बात सामने आई। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। युवक की मौत से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस मामले में आवश्यक कार्रवाई कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *