जन्माष्टमी पर योगी का ‘कृष्ण कनेक्ट’, मथुरा से लखनऊ और गोरखपुर तक रहेगा कार्यक्रम

उत्तर प्रदेश: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जन्माष्टमी के अवसर पर शुक्रवार, 4 सितंबर को श्रीकृष्ण जन्मोत्सव से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे। उनका कार्यक्रम मथुरा से शुरू होकर लखनऊ और फिर गोरखपुर तक रहेगा। मुख्यमंत्री सुबह मथुरा में श्रीकृष्ण जन्मभूमि पहुंचकर दर्शन-पूजन करेंगे। इसके बाद शाम को लखनऊ पुलिस लाइन में आयोजित श्रीकृष्ण जन्मोत्सव कार्यक्रम में शामिल होंगे। वहीं, देर रात वह गोरखपुर पहुंचकर गोरखनाथ मंदिर में होने वाले जन्माष्टमी समारोह में सम्मिलित होंगे।

मुख्यमंत्री शुक्रवार सुबह श्रीकृष्ण जन्मभूमि जाएंगे। यहां वह परिसर में गोपूजन करेंगे। इसके पश्चात श्रीकृष्ण जन्मभूमि में दर्शन-पूजन कर लीलाधारी भगवान श्रीकृष्ण के चरणों में श्रद्धा निवेदित करेंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री शाम को लखनऊ पुलिस लाइन में आयोजित होने वाले श्रीकृष्ण जन्मोत्सव कार्यक्रम में शामिल होंगे। यहां मंदिर में झांकी दर्शन के साथ कई भक्ति और आध्यात्मिक-सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

लखनऊ के बाद गोरखपुर पहुंचेंगे योगी

पुलिस आयुक्त तरुण गाबा ने बताया कि मुख्यमंत्री लखनऊ पुलिस लाइन में मंदिर की झांकी का दर्शन करेंगे। कार्यक्रम के दौरान भक्ति से ओतप्रोत अनेक आयोजन होंगे। मुख्यमंत्री आध्यात्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से भक्ति सरिता का आनंद उठाएंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ देर रात्रि गोरखपुर के गोरखनाथ मंदिर पहुंचेंगे। यहां गोरक्षपीठाधीश्वर के रूप में वह श्रीकृष्ण जन्मोत्सव समारोह में सम्मिलित होंगे। गोरखनाथ मंदिर में भजनों के बीच भगवान श्रीकृष्ण के प्राकट्य के बाद गोरक्षपीठाधीश्वर उनके बालरूप को पालने में झुलाएंगे।

गोरखनाथ मंदिर के प्रधान पुजारी योगी कमलनाथ ने बताया कि महंत दिग्विजय नाथ स्मृति भवन में भजनों की प्रस्तुति रात 11:30 बजे तक अनवरत होगी। भजन संध्या के दौरान ही गोरक्षपीठाधीश्वर एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ श्रीकृष्ण जन्मोत्सव समारोह में सम्मिलित होंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री भजन सुनने के साथ बच्चों को खिलौने और चॉकलेट भी भेंट करेंगे। कार्यक्रम में श्रीकृष्ण बालरूप सज्जा प्रतियोगिता भी आयोजित की जाएगी।

रात 11:30 बजे गोरक्षपीठाधीश्वर गोरखनाथ मंदिर के गर्भगृह में पूजा-अर्चना करने पहुंचेंगे। इसके बाद रात 12 बजते ही वैदिक मंत्रोच्चार के बीच मंदिर के गर्भगृह में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी मनाई जाएगी। भगवान श्रीकृष्ण के जन्म के बाद वह उनके बालरूप को पालने में झुलाएंगे। सीएम योगी आदित्यनाथ के प्रस्तावित कार्यक्रमों को लेकर प्रशासन की ओर से तैयारियां पूरी की जा रही हैं। जन्माष्टमी के अवसर पर मुख्यमंत्री का कार्यक्रम मथुरा में श्रीकृष्ण जन्मभूमि के दर्शन-पूजन से शुरू होकर लखनऊ के आयोजन और देर रात गोरखपुर के गोरखनाथ मंदिर में होने वाले श्रीकृष्ण जन्मोत्सव तक रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *