
कोसीकलां (मथुरा): श्री 1008 महाराजा अग्रसेन जयंती महोत्सव के अवसर पर श्री कोसीकलां अग्रवाल सभा के तत्वावधान में 501 अग्रमहिलाओं की भव्य कलश यात्रा निकाली गई। आयोजन में अग्रवाल समाज के लोगों ने उत्साह के साथ भाग लिया। यात्रा के दौरान विभिन्न मार्गों से होते हुए महिलाएं महाराजा अग्रसेन चौक पहुंचीं, जहां अग्रवाल कमेटी के सदस्यों ने पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत और सम्मान किया। कलश यात्रा तोताराम मंदिर से प्रारंभ हुई। इसके बाद यात्रा बलदेवगंज चौराहा, बतासे बाजार और मुख्य बाजार से होते हुए घंटाघर चौक पहुंची। यहां से यात्रा का समापन महाराजा अग्रसेन चौक पर हुआ। पूरे आयोजन में समाज की महिलाओं और अग्रबंधुओं की सहभागिता रही। कलश यात्रा के आयोजन में मुख्य अतिथि दिलीप अग्रवाल, तुषार अग्रवाल और सक्षम अग्रवाल बांसईया का सहयोग रहा।
पूजा-अर्चना के साथ अतिथियों का सम्मान
कलश यात्रा के बाद श्री कोसीकलां अग्रवाल सभा की ओर से भगवान सत्यनारायण की कथा आयोजित की गई। इसके उपरांत सभा अध्यक्ष संजीव जाविया ने ध्वजारोहण किया। महाराजा अग्रसेन जी का पूजन मुख्य अतिथि त्रिलोकचंद, सोनू गोयल और नीरज अग्रवाल ने किया। इस दौरान समाज के लोगों ने महाराजा अग्रसेन को नमन करते हुए जयंती महोत्सव की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में श्री कोसीकलां अग्रवाल सभा के अध्यक्ष संजीव जाविया, संयोजक देशबंधु अग्रवाल, मंत्री जगदीश अग्रवाल और कमेटी के सदस्यों ने मुख्य अतिथियों को दुपट्टा पहनाकर तथा स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। आयोजन में कोसीकलां के अग्रबंधुओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और सामूहिक रूप से महाराजा अग्रसेन जी का पूजन किया।
कार्यक्रम के दौरान नफीरी की सेवा घनश्याम जैन और अमित जैन ने दी। वहीं, कलश यात्रा के दौरान जलपान की व्यवस्था में बॉबी अग्रवाल और निकुंज अग्रवाल का सहयोग रहा। सभा अध्यक्ष संजीव जाविया ने आयोजन में शामिल सभी अग्रबंधुओं को महाराजा अग्रसेन जयंती की बधाई दी। उन्होंने कार्यक्रम में सहभागिता करने और आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।