मुलायम सिंह यादव की पुण्यतिथि पर सपाइयों ने दी श्रद्धांजलि, दो कार्यकर्ताओं ने किया रक्तदान

हमीरपुर: समाजवादी पार्टी के संस्थापक और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व रक्षामंत्री मुलायम सिंह यादव की पुण्यतिथि पर शनिवार को हमीरपुर स्थित पार्टी जिला कार्यालय में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने नेताजी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें याद किया। साथ ही उनके विचारों और सिद्धांतों पर चलने का संकल्प लिया। जिलाध्यक्ष इदरीश खान की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में मुलायम सिंह यादव के राजनीतिक जीवन, संघर्ष और समाज के कमजोर वर्गों के अधिकारों के लिए किए गए प्रयासों को याद किया गया। वक्ताओं ने कहा कि नेताजी ने अपना जीवन गरीबों, किसानों, नौजवानों और वंचित वर्गों के हितों के लिए समर्पित किया। उनके विचार आज भी समाजवादी कार्यकर्ताओं को जनसेवा के लिए प्रेरित करते हैं। जिलाध्यक्ष इदरीश खान ने कहा कि मुलायम सिंह यादव ने हमेशा गरीबों, किसानों, नौजवानों और समाज के पिछड़े एवं वंचित वर्गों के हक तथा सम्मान की लड़ाई लड़ी। उनका जीवन संघर्ष, सामाजिक न्याय और समाजवादी विचारधारा के प्रति समर्पण का प्रतीक रहा है। उन्होंने कहा कि नेताजी के विचारों को अपनाकर समाज के जरूरतमंद लोगों की मदद करना और उनके अधिकारों के लिए आवाज उठाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।

गरीबों और वंचितों के हक की लड़ाई ही सच्ची श्रद्धांजलि

वरिष्ठ सपा नेता एवं पूर्व ब्लॉक प्रमुख शुभकरण सिंह परिहार ने कहा कि नेताजी का संपूर्ण जीवन संघर्ष और जनसेवा की मिसाल है। उन्होंने हमेशा आम जनता की आवाज को मजबूती से उठाया और समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर चलने का प्रयास किया। उनके सिद्धांत और विचार आगे भी समाजवादी कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करते रहेंगे। उन्होंने कहा कि मुलायम सिंह यादव के बताए रास्ते पर चलकर जनसेवा करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम के बाद पार्टी के दो कार्यकर्ताओं ने सामाजिक जिम्मेदारी निभाते हुए स्वैच्छिक रक्तदान किया। प्रदेश सचिव, अनुसूचित प्रकोष्ठ ओम प्रकाश सोनकर वारसी और समाजवादी छात्र सभा के जिला महासचिव मोहम्मद जुनैद जिला अस्पताल पहुंचे, जहां उन्होंने रक्तदान किया। उनके इस कदम को कार्यक्रम के दौरान नेताजी के प्रति श्रद्धांजलि के साथ जनसेवा की भावना से भी जोड़कर देखा गया। कार्यक्रम में जिला उपाध्यक्ष हरनारायण निषाद, विधानसभा अध्यक्ष अरुण यादव, मुलायम सिंह यूथ ब्रिगेड के जिलाध्यक्ष लाला प्रधान, अधिवक्ता सभा के प्रदेश सचिव राजेश श्रीवास, जिला उपाध्यक्ष मिथलेश कुशवाहा, पूर्व चेयरमैन रामकिशोर श्रीवास, युगांक मिश्रा, नईम खान, माया वाल्मीकि, वर्षा नामदेव, राघवेन्द्र यादव लकी और अल्पसंख्यक सभा के जिलाध्यक्ष रिजवान खान मौजूद रहे। इसके अलावा अभिषेक यादव, युवजन सभा के प्रदेश सचिव बीटू यादव, सभासद सुभान कुरैशी, व्यापार सभा के जिला उपाध्यक्ष विवेक यादव, सांस्कृतिक प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष सलीम मोहम्मद, छात्र सभा के जिला महासचिव वैभव द्विवेदी सहित साहिल, सलीम मंसूरी, मिथुन श्रीवास, शिवम परिहार, मैयाराम श्रीवास, अजय प्रताप सिंह परिहार, भूपेश वर्मा और रवि यादव एडवोकेट समेत बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम के माध्यम से समाजवादी पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने मुलायम सिंह यादव के विचारों को याद करते हुए गरीबों, किसानों और वंचित वर्गों के हितों के लिए काम करने का संकल्प दोहराया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *