
ओमान: ओमान के पास भारत आ रहे कमर्शियल जहाज MV Cape Dao पर हुए हमले में उत्तर प्रदेश के देवरिया निवासी भारतीय नाविक सूरज यादव की मौत हो गई। भारतीय दूतावास ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि वह ओमान के अधिकारियों के साथ लगातार संपर्क में है और जहाज पर मौजूद भारतीय नाविकों की सुरक्षा तथा उनकी वापसी को लेकर समन्वय किया जा रहा है। विदेश मंत्रालय ने ओमान के पूर्वी तट के पास कमर्शियल जहाज पर हुए हमले की निंदा की है। मंत्रालय ने कहा कि जहाज पर मौजूद भारतीय नागरिकों में से 19 लोगों को बचा लिया गया है। मृतक नाविक के परिवार के प्रति संवेदना जताते हुए मंत्रालय ने कहा कि ओमान स्थित भारतीय दूतावास मामले पर करीबी नजर रख रहा है।
FSUI ने दो टॉरपीडो से हमले का दावा किया
फॉरवर्ड सीमेन्स यूनियन ऑफ इंडिया (FSUI) के मुताबिक, MV Cape Dao पर दो टॉरपीडो से हमला हुआ। यूनियन का कहना है कि एक टॉरपीडो जहाज के पोर्ट साइड स्थित C-डेक के उस हिस्से में लगा, जहां चालक दल के रहने की व्यवस्था थी। दूसरा हमला इंजन रूम के पास पोर्ट साइड के बाहरी हिस्से में हुआ। FSUI ने मृतक की पहचान देवरिया के रहने वाले सूरज यादव के रूप में की है। यूनियन के मुताबिक वह जहाज पर वाइपर के तौर पर काम कर रहे थे। रिपोर्टों के अनुसार, हमले में सिर पर चोट लगने के बाद उनकी मौत हुई। बाकी चालक दल के सदस्यों को ओमान की रॉयल नेवी ने सुरक्षित बाहर निकाला। जहाज पर भारतीय नाविकों की संख्या को लेकर अलग-अलग जानकारी सामने आई है। भारतीय दूतावास ने 19 भारतीय नागरिकों के सवार होने की बात कही है, जबकि FSUI ने 28 सदस्यीय क्रू में 20 भारतीयों के होने का दावा किया है।
हमले को लेकर बढ़ी नाविकों की सुरक्षा की चिंता
विदेश मंत्रालय ने कहा कि क्षेत्र में कमर्शियल जहाजों पर हो रहे हमले बेहद चिंताजनक हैं। मंत्रालय ने तनाव कम करने और क्षेत्र में जल्द शांति बहाल करने के लिए बातचीत और कूटनीति की अपील दोहराई। साथ ही कमर्शियल शिपिंग, समुद्री कर्मचारियों और आम लोगों के लिए जरूरी बुनियादी ढांचे को निशाना नहीं बनाए जाने की बात कही गई। मंत्रालय ने अंतरराष्ट्रीय जलमार्गों से जहाजों की आवाजाही और व्यापार को जल्द सामान्य करने पर भी जोर दिया। ओमान में भारतीय दूतावास स्थानीय अधिकारियों के साथ संपर्क में है और प्रभावित भारतीय नाविकों से जुड़े मामले पर नजर रख रहा है। FSUI ने इस घटना के बाद क्षेत्र में काम कर रहे भारतीय नाविकों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है। यूनियन ने हमले की जवाबदेही तय करने, क्षेत्र से गुजरने वाले नाविकों के लिए सुरक्षित रास्ता सुनिश्चित करने और सूरज यादव समेत प्रभावित भारतीय नाविकों के लिए न्याय की मांग की है।