नोएडा में सफाई, अतिक्रमण और सड़कों की बदहाली पर प्राधिकरण सख्त, लापरवाही पर कार्रवाई के निर्देश

नोएडा: नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी ने मंगलवार को प्राधिकरण क्षेत्र में सफाई व्यवस्था, अतिक्रमण उन्मूलन, आईजीआरएस शिकायतों के निस्तारण के साथ निर्माण और अनुरक्षण कार्यों की समीक्षा की। बैठक में शहर की व्यवस्थाओं में तत्काल सुधार लाने और लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों व संबंधित एजेंसियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए गए। बैठक से पहले विभिन्न अधिकारियों की ओर से किए गए क्षेत्रीय निरीक्षण में सामने आई कमियों की भी समीक्षा की गई। सेक्टर-19 के बी-ब्लॉक स्थित शनि बाजार के खाली भूखंड में हॉर्टिकल्चर वेस्ट मिलने पर संबंधित उद्यान कार्य की संविदाकार संस्था पर पांच लाख रुपये की पेनल्टी लगाने के निर्देश दिए गए। वहीं सेक्टर-19 के अन्य पार्कों में गंदगी मिलने पर संबंधित उद्यान निरीक्षक और सहायक निदेशक (उद्यान) का एक दिन का वेतन काटने तथा कारण बताओ नोटिस जारी करने को कहा गया। संबंधित उद्यान सुपरवाइजर की सेवा समाप्त करने के निर्देश भी दिए गए। निठारी रोड के केंद्रीय वर्ज में कूड़ा मिलने पर संबंधित संस्था पर पांच लाख रुपये की पेनल्टी लगाने के निर्देश दिए गए। ग्राम निठारी में गंदगी मिलने पर संबंधित उद्यान निरीक्षक का एक दिन का वेतन काटने को कहा गया।

सड़कों की मरम्मत के लिए 20 अक्टूबर की समयसीमा

प्राधिकरण ने शहर के सार्वजनिक शौचालयों की व्यवस्था सुधारने के लिए 15 अक्टूबर तक सभी शौचालयों को सुचारू रूप से संचालित कराने का लक्ष्य तय किया है। संबंधित अधिकारियों को इसका प्रमाण पत्र भी देना होगा। सेक्टर-43 में गोदरेज सोसाइटी के पास कूड़ा जमा मिलने पर डोर-टू-डोर वेस्ट कलेक्शन एजेंसी पर पेनल्टी लगाने, नियमित स्वास्थ्य निरीक्षक के एक सप्ताह के वेतन की कटौती और सफाई सुपरवाइजर का एक माह का वेतन रोकने के निर्देश दिए गए। बारिश के कारण क्षतिग्रस्त हुई नोएडा की सड़कों की मरम्मत और रिसर्फेसिंग का काम 20 अक्टूबर तक पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। सेक्टर-145 में डंप साइट की ओर जाने वाले क्षतिग्रस्त पुस्ता मार्ग, सलारपुर के पीछे एक्वा लाइन मेट्रो कॉरिडोर के नीचे के पुस्ता मार्ग और सेक्टर-71 अंडरपास से हिंडन पुल तक एमपी-3 मार्ग की खराब सड़क को प्राथमिकता के आधार पर दुरुस्त कराने को कहा गया है। प्राधिकरण ने स्पष्ट किया कि तय समयसीमा के बाद भी कार्य लंबित मिलने पर संबंधित प्रबंधक और वरिष्ठ प्रबंधक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

अवैध निर्माण और अतिक्रमण पर भी सख्ती

ग्राम बरौला में अवैध निर्माण मिलने पर उसे तत्काल रुकवाकर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई के निर्देश दिए गए। संबंधित संविदा अवर अभियंता और सुपरवाइजर को हटाने को भी कहा गया। इसी तरह सेक्टर-138/140 में अवैध निर्माण तत्काल रुकवाने और संबंधित अवर अभियंता व सुपरवाइजर को हटाने के निर्देश दिए गए। सेक्टर-121 के सामने हिंडन पुस्ता पर कबाड़ियों की ओर से जमा किए गए कूड़े-कबाड़ को विशेष अभियान चलाकर हटाने को कहा गया। साथ ही कूड़ा फैलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए गए। एमपी-3 मार्ग पर अनधिकृत वेंडरों की समस्या को देखते हुए सभी वर्क सर्किलों को अगले एक माह में अभियान चलाकर अवैध वेंडिंग जोन चिह्नित करने और अवैध वेंडरों को हटाने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही उनके लिए वैकल्पिक व्यवस्था करने को कहा गया है। एक माह बाद भी अवैध वेंडर मिलने पर संबंधित वरिष्ठ प्रबंधक की जिम्मेदारी तय कर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

एजी इन्वायरो पर 25 लाख रुपये की पेनल्टी के निर्देश

शहर में जगह-जगह कूड़ा जमा होने और GVP प्वाइंट बनने के मामले में डोर-टू-डोर कलेक्शन एजेंसी मैसर्स एजी इन्वायरो पर 25 लाख रुपये की पेनल्टी लगाने के निर्देश दिए गए। वहीं आईजीआरएस शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा गया। सेक्टर-27 में गंदगी मिलने पर संबंधित स्वास्थ्य निरीक्षक का एक दिन का वेतन काटने और स्वास्थ्य सुपरवाइजर के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए गए। बैठक में नोएडा प्राधिकरण की अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी वंदना त्रिपाठी और पुष्पराज सिंह समेत विशेष कार्याधिकारी, महाप्रबंधक तथा विभिन्न वर्क सर्किल, जल खंड और विद्युत/यांत्रिक खंडों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *