
नोएडा: नोएडा में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ यातायात पुलिस की ओर से रोजाना विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के दौरान पुलिस ने 7025 वाहनों के चालान काटे, जबकि 28 वाहनों को सीज किया गया। कार्रवाई के दौरान मैनुअल और ऑनलाइन दोनों माध्यमों से चालान किए गए। यातायात पुलिस के अनुसार, अभियान के दौरान 2981 मैनुअल चालान किए गए, जबकि 4044 चालान ऑनलाइन माध्यम से काटे गए। इनमें सबसे ज्यादा कार्रवाई बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वालों के खिलाफ हुई। पुलिस ने 2612 बिना हेलमेट वाहन चालकों के चालान किए। वहीं, ग्रेटर नोएडा स्थित एक्सपोमार्ट के गोलचक्कर पर यातायात पुलिस की ओर से लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक भी किया गया। यहां नकली हेलमेट के इस्तेमाल से होने वाले नुकसान, यातायात संकेतों और सड़क सुरक्षा से जुड़े नियमों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
गलत दिशा और ओवरस्पीड पर भी कार्रवाई
डीसीपी ट्रैफिक अभय कुमार मिश्रा ने बताया कि सड़कों पर नियमों की सबसे ज्यादा अनदेखी बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने और गलत दिशा में वाहन दौड़ाने वाले चालक कर रहे हैं। यातायात पुलिस लगातार ऐसे वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है। अभियान के दौरान विपरीत दिशा में वाहन चलाने पर 456, नो पार्किंग में 566, फॉल्टी नंबर प्लेट के 486 और ओवर स्पीड के 552 चालान किए गए। इसके अलावा ब्लैक फिल्म के 26 चालान काटे गए। वहीं, 10/15 साल पुराने 13 वाहनों को सीज किया गया। डीसीपी ट्रैफिक के मुताबिक, कई वाहन चालक चालान जमा करने के बजाय राष्ट्रीय लोक अदालत का इंतजार करते हैं, ताकि जुर्माने की राशि कम हो सके। हालांकि, अब यातायात पुलिस ने ऐसे वाहन चालकों को लेकर अपनी रणनीति में बदलाव किया है।
जिन वाहन चालकों के नाम पर बार-बार चालान हो रहे हैं, उनके नाम और रिकॉर्ड परिवहन विभाग को भेजे जा रहे हैं। इसके जरिए ऐसे वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस स्थायी रूप से रद्द किए जाने की कार्रवाई की जा सकेगी। यातायात पुलिस का अभियान लगातार जारी है। पुलिस का जोर नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर कार्रवाई के साथ-साथ लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने पर भी है।