
RBI: भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने नियामकीय नियमों के पालन में खामियां मिलने पर पांच कंपनियों के खिलाफ कार्रवाई की है। केंद्रीय बैंक ने TransUnion CIBIL, CRIF High Mark, Equifax Credit Information Services, Sammaan Finserve और Hinduja Leyland Finance पर कुल ₹45.21 लाख का जुर्माना लगाया है। इनमें सबसे ज्यादा ₹26.82 लाख की पेनल्टी TransUnion CIBIL पर लगी है।
किस कंपनी पर कितनी पेनल्टी?
RBI के मुताबिक TransUnion CIBIL पर ₹26.82 लाख, CRIF High Mark पर ₹6.89 लाख, Equifax पर ₹1.19 लाख, Sammaan Finserve पर ₹4.20 लाख और Hinduja Leyland Finance पर ₹6.20 लाख का जुर्माना लगाया गया है।
TransUnion CIBIL, CRIF High Mark और Equifax से जुड़े मामलों में कुछ शिकायतकर्ताओं को तय समयसीमा के भीतर मुआवजा नहीं देने की खामी सामने आई थी। वहीं, Sammaan Finserve ने एक कर्जदार की क्रेडिट जानकारी CRILC में रिपोर्ट नहीं की थी। इसके अलावा Hinduja Leyland Finance पर माइक्रोफाइनेंस लोन की कीमत तय करने से जुड़ी बोर्ड से मंजूर नीति के अनुपालन में कमी को लेकर कार्रवाई की गई है। RBI ने स्पष्ट किया है कि ये जुर्माने कंपनियों की नियामकीय अनुपालन संबंधी कमियों के आधार पर लगाए गए हैं। इसका मतलब यह नहीं है कि केंद्रीय बैंक ने कंपनियों और उनके ग्राहकों के बीच हुए किसी लेन-देन या समझौते की वैधता पर कोई टिप्पणी की है।