वृंदावन के वात्सल्य ग्राम में 40 फीट ऊंचे रावण का दहन, साध्वी ऋतंभरा ने दिया मर्यादा में रहने का संदेश

वृंदावन (मथुरा): वात्सल्य ग्राम स्थित समविद् गुरुकुलम के प्रांगण में दशहरा मेले का आयोजन किया गया। इस अवसर पर अधर्म के प्रतीक रावण का 40 फीट ऊंचा पुतला तैयार किया गया, जिसका दहन कर बुराई पर अच्छाई और अधर्म पर धर्म की विजय का संदेश दिया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ पद्म विभूषण साध्वी ऋतंभरा ने भगवान श्रीराम के चित्रपट के सम्मुख दीप प्रज्वलित कर किया। दशहरा मेले के दौरान समविद् गुरुकुलम की छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से भारतीय संस्कृति और धर्म की महत्ता को दर्शाया। छात्राओं ने ‘धर्मस्य जय-अधर्मस्य क्षय’ की अवधारणा को केंद्र में रखते हुए चारों युगों की घटनाओं को संक्षिप्त रूप में मंचित किया। उनकी प्रस्तुतियों में धर्म की स्थापना और अधर्म के अंत का संदेश प्रमुखता से सामने आया। छात्राओं के अभिनय और सांस्कृतिक कार्यक्रमों को दर्शकों ने सराहा। तालियों की गड़गड़ाहट से पूरा परिसर गूंज उठा। इसके बाद भगवान श्रीराम और रावण के बीच युद्ध का मंचन किया गया। इसमें प्रभु श्रीराम को धर्म और रावण को अधर्म के प्रतीक के रूप में प्रस्तुत किया गया। युद्ध के अंत में श्रीराम की विजय हुई और रावण के पुतले का दहन किया गया। इस आयोजन के माध्यम से उपस्थित लोगों को दशहरा पर्व के धार्मिक और नैतिक महत्व से परिचित कराया गया।

साध्वी ऋतंभरा ने दिया भीतर के रावण को समाप्त करने का संदेश

कार्यक्रम में साध्वी ऋतंभरा ने भगवान श्रीराम का राज्याभिषेक करते हुए मर्यादा, धर्म और संयम के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि जब मनुष्य मर्यादा की रेखा लांघता है, तो उसका पतन शुरू हो जाता है। इसके विपरीत, मर्यादित जीवन जीने वाले व्यक्ति की सदैव विजय होती है। जहां धर्म होता है, वहां विजय होती है। यदि मनुष्य धर्म के मार्ग पर चलता है, तो कोई भी बाधा उसका रास्ता नहीं रोक सकती। साध्वी ऋतंभरा ने भगवान श्रीराम और रावण के युद्ध का उल्लेख करते हुए कहा कि रावण के पास मायावी रथ था, लेकिन श्रीराम के पास धर्म का रथ था। उस रथ के पहिए संयम के थे और उसमें साहस के घोड़े जुड़े थे। धर्म की शक्ति के आधार पर ही श्रीराम ने रावण को पराजित कर लंका पर विजय प्राप्त की। उन्होंने कहा कि रावण के पुतले का दहन करना ही पर्याप्त नहीं है। जब तक मनुष्य के भीतर मौजूद दंभ, द्वेष, अहंकार, काम और क्रोध जैसे विकार समाप्त नहीं होते, तब तक वास्तविक कल्याण संभव नहीं है। कागज के पुतले जलाने के साथ-साथ अपने भीतर की बुराइयों को भी समाप्त करना जरूरी है। उन्होंने संदेश दिया कि श्रीराम जैसा बनने से पहले अपने भीतर रामत्व के गुणों को अपनाना होगा।

समविद् गुरुकुलम की छात्राओं ने रामायण के विभिन्न पात्रों का अभिनय कर कार्यक्रम को विशेष रूप दिया। कुमारी रचि ने भगवान श्रीराम, अक्षिता ने माता सीता, भव्या ने लक्ष्मण, गौरी ने भरत, श्रेया ने शत्रुघ्न और वैष्णवी ने हनुमान की भूमिका निभाई। छात्राओं ने अपने अभिनय के माध्यम से रामायण के प्रसंगों को मंच पर प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में संजय भैया, स्वामी सत्यशील, समविद् की निदेशक सुमन लता, पूर्व आईजी एच.के. शर्मा, साध्वी शिरोमणि, साध्वी सत्यश्रुति और साध्वी सत्यनिष्ठा सहित गोकुलम की माताएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम के अंत में समविद् गुरुकुलम की उपप्रधानाचार्या श्रीमती पूजा सिंह ने सभी अतिथियों और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन धनंजय मिश्रा ने किया। दशहरा मेले के माध्यम से धर्म की विजय, मर्यादा के पालन और मनुष्य के भीतर मौजूद बुराइयों को समाप्त करने का संदेश दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *