
सरीला: नगर सरीला और गोहांड में लंबे समय से बनी पेयजल समस्या के समाधान की दिशा में कदम बढ़ाया गया है। शनिवार को विधायक मनीषा अनुरागी ने सरीला में हरदौल लाला स्थान के पास उत्तर प्रदेश जल निगम (नगरीय) की अमृत-2 योजना के अंतर्गत पुनर्गठन पेयजल योजना का भूमि पूजन और शिलान्यास किया। करीब 60 करोड़ रुपये की लागत से तैयार होने वाली इस योजना के माध्यम से दोनों नगरों में पेयजल आपूर्ति व्यवस्था को बेहतर बनाने की योजना है। सरीला में पिछले करीब तीन दशक से पेयजल संकट बना हुआ है। यहां लोगों को एक दिन छोड़कर पानी की आपूर्ति मिलती है। नियमित पेयजल उपलब्ध कराने की मांग लंबे समय से उठाई जा रही थी। अब योजना का निर्माण कार्य शुरू होने से नगरवासियों को इस समस्या से राहत मिलने की उम्मीद जगी है। योजना के तहत सरीला और गोहांड में कुल 64 किलोमीटर लंबी पाइपलाइन बिछाई जाएगी। इसके अलावा दोनों नगरों में हजारों परिवारों को पेयजल कनेक्शन उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है।
बेतवा नदी से होगी पानी की व्यवस्था
उत्तर प्रदेश जल निगम (नगरीय) के अधिशासी अभियंता एके शर्मा के अनुसार, केंद्र और प्रदेश सरकार के संयुक्त उपक्रम के तहत संचालित इस योजना में बेतवा नदी के इस्लामपुर में इंटेक वेल बनाया जाएगा। इसके साथ ही 4.5 एमएलडी क्षमता का वाटर ट्रीटमेंट प्लांट स्थापित किया जाएगा, जहां पानी को उपचारित कर आपूर्ति के लिए तैयार किया जाएगा। योजना के तहत सरीला में 500 और 600 किलोलीटर क्षमता के दो ओवरहेड टैंक बनाए जाएंगे। इसके अतिरिक्त 275 किलोलीटर क्षमता का एक सीडब्ल्यूआर भी निर्मित होगा। वहीं, गोहांड में 400 किलोलीटर क्षमता का ओवरहेड टैंक और 200 किलोलीटर क्षमता का सीडब्ल्यूआर बनाया जाएगा। इन निर्माण कार्यों के जरिए दोनों नगरों में पानी के भंडारण और वितरण व्यवस्था को मजबूत करने की योजना है। विभागीय जानकारी के मुताबिक, सरीला और गोहांड में कुल करीब 4,086 पेयजल कनेक्शन उपलब्ध कराने का लक्ष्य है। इनमें गोहांड में लगभग 1,600 और सरीला में करीब 2,500 कनेक्शन दिए जाने की योजना शामिल है। पाइपलाइन बिछने और जरूरी ढांचे का निर्माण पूरा होने के बाद लोगों को पेयजल आपूर्ति की बेहतर सुविधा मिलने की उम्मीद है। शिलान्यास के अवसर पर विधायक मनीषा अनुरागी ने कहा कि योजना को जल्द से जल्द पूरा कराने का प्रयास किया जाएगा, ताकि दोनों नगरों के लोगों को नियमित रूप से स्वच्छ पेयजल मिल सके। लंबे समय से पानी की समस्या का सामना कर रहे परिवारों के लिए यह योजना महत्वपूर्ण मानी जा रही है। कार्यक्रम में एसडीएम विकास कुमार यादव, गोहांड नगर पंचायत अध्यक्ष अनीता राजपूत, सरीला नगर पंचायत अध्यक्ष पवन कुमार अनुरागी सहित जल निगम के अधिकारी, कर्मचारी और अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।