थाना चौराहे से पशु बाजार तक हाईवे बदहाल, नवरात्र में हादसों का खतरा

भरुआ सुमेरपुर: नवरात्र पर्व शुरू होने से पहले कस्बे के अंदर हाईवे की खराब हालत लोगों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है। थाना चौराहे से पशु बाजार चौराहे तक सड़क पर जगह-जगह गहरे गड्ढे होने से वाहन चालकों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। नवरात्र के दौरान सब्जी मंडी चौराहे और रामलीला मैदान के आसपास श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ने की संभावना के बीच सड़क की मरम्मत नहीं होने से स्थानीय लोगों और देवी भक्तों में नाराजगी है। पिछले पखवाड़े लगातार तीन दिन हुई बारिश के बाद कस्बे के अंदर हाईवे की हालत खराब हो गई थी। बस स्टैंड से नेहा चौराहे तक सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं। थाना चौराहे से पशु बाजार चौराहे तक का हिस्सा भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त बताया जा रहा है। इसके बावजूद शनिवार तक इस मार्ग के गड्ढों को नहीं भरा गया था।

भारी वाहनों के रास्ता बदलने से हादसे का खतरा

कस्बे में नवरात्र के दौरान सबसे अधिक भीड़ सब्जी मंडी चौराहे के आसपास रहती है। रामलीला मैदान में नवदुर्गा महोत्सव के चलते यहां श्रद्धालुओं की आवाजाही बढ़ जाती है। ऐसे में सड़क पर गड्ढे बने रहने से यातायात प्रभावित होने और दुर्घटना की आशंका बनी हुई है। स्थानीय लोगों के अनुसार, गड्ढों से बचने के लिए भारी वाहन अपनी निर्धारित दिशा से हटकर इधर-उधर निकलने की कोशिश करते हैं। इससे दूसरे वाहनों और राहगीरों के लिए खतरा बढ़ जाता है। सड़क की मरम्मत का मुद्दा व्यापार मंडल अध्यक्ष ने पीस कमेटी की बैठक में एसडीएम और सीओ सदर के सामने भी उठाया था। इसके बाद भी कस्बे के अंदर हाईवे की मरम्मत नहीं हो सकी, जिससे लोगों की नाराजगी बनी हुई है।

हाईवे के मुख्य रूट ऑफिसर (सीआरओ) सौरभ यादव ने बताया कि सड़क की मरम्मत का काम जारी है। उन्होंने कहा कि दो से तीन दिन बाद सुमेरपुर कस्बे के अंदर भी मरम्मत का कार्य कराया जाएगा। अब स्थानीय लोगों को इंतजार है कि नवरात्र के दौरान श्रद्धालुओं और वाहन चालकों की परेशानी दूर करने के लिए सड़क के गड्ढे कब तक भरे जाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *