भोर होते ही मां के जयकारों से गूंज उठे शक्तिपीठ, भरुआ सुमेरपुर में उमड़ी भक्तों की भीड़

भरुआ सुमेरपुर: भोर होते ही मां के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। सुबह से ही क्षेत्र के विभिन्न शक्तिपीठों में भक्तों की भीड़ उमड़ने लगी। श्रद्धालुओं ने विधि-विधान के साथ मां शैलपुत्री की पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि की कामना की। नवरात्र के अवसर पर क्षेत्र के मंदिरों और पूजा स्थलों को आकर्षक ढंग से सजाया गया है। थाना क्षेत्र में 120 स्थानों पर मां के भव्य पंडाल सजाए गए हैं। इन पंडालों में विधि-विधान के साथ मां की स्थापना कर पूजन-अर्चन शुरू किया गया। क्षेत्र के शक्तिपीठों को भक्तों ने दुल्हन की तरह सजाया है। सुबह से ही मंदिरों में श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया और मां की आराधना के साथ धार्मिक माहौल दिखाई दिया।

मंदिरों से लेकर पंडालों तक सजीं भव्य झांकियां

कस्बे के पंचमढ़ी, पाथामाई मंदिर, विंध्यवासिनी मंदिर और मां गायत्री मंदिर को भव्य रूप दिया गया है। इसके अलावा बांक के मौहर देवी मंदिर, इंगोहटा के त्रिशक्ति मंदिर, बिदोखर मेदनी के पाथामाई मंदिर, देवगांव के कामाख्या देवी मंदिर, बिदोखर पुरई के काली माता मंदिर, गांवटी मंदिर और विंध्यवासिनी मंदिर को भी भक्तों ने आकर्षक ढंग से सजाया है।
कस्बे में रामलीला मैदान, टॉकीज मार्ग, रानी लक्ष्मीबाई तिराहा, सब्जी मंडी, गुफा वाली माता और बांकी मार्ग सहित विभिन्न स्थानों पर माता रानी की भव्य झांकियां सजाई गई हैं। इन स्थानों पर मां की स्थापना के बाद विधि-विधान से पूजन-अर्चन शुरू किया गया। रामलीला मैदान में मां की स्थापना के दौरान आयोजित पूजा में शामिल होने के लिए भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी। श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना कर मां के प्रति अपनी आस्था प्रकट की। सुबह से ही जयकारों और धार्मिक गतिविधियों के बीच भरुआ सुमेरपुर का माहौल भक्तिमय बना रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *