टेढ़ा गांव में किसान की फसल ट्रैक्टर से नष्ट करने का आरोप, पुलिस से लगाई गुहार

भरुआ सुमेरपुर: टेढ़ा गांव में शनिवार देर रात एक किसान की तीन बीघा जमीन पर बोई गई अरहर की फसल को ट्रैक्टर से जोतकर नष्ट करने का मामला सामने आया है। किसान का आरोप है कि फसल नष्ट करने का विरोध करने पर आरोपितों ने उसके वृद्ध पिता के साथ मारपीट की। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर देकर मामले में न्याय की गुहार लगाई है। टेढ़ा गांव निवासी श्रीराम प्रजापति के मुताबिक, उसने अपने खेत में तीन बीघा क्षेत्रफल में अरहर की फसल बो रखी थी। आरोप है कि शनिवार देर रात गांव के ही जगराम, महेश, दिनेश, अरविंद समेत अन्य लोग ट्रैक्टर लेकर खेत पर पहुंचे। इसके बाद उन्होंने खेत में बोई गई अरहर की फसल को ट्रैक्टर से जोतकर नष्ट कर दिया।

विरोध करने पर वृद्ध पिता से मारपीट का आरोप

श्रीराम प्रजापति ने बताया कि जब इस कार्रवाई का विरोध किया गया तो आरोपितों ने उसके वृद्ध पिता मुन्नीलाल को धक्का देकर खेत में गिरा दिया और उनके साथ मारपीट की। घटना की जानकारी मिलने पर श्रीराम का छोटा भाई लोकनाथ भी मौके पर पहुंच गया।
पीड़ित के अनुसार, लोकनाथ के पहुंचने पर सभी लोग जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से चले गए। किसान ने मामले की शिकायत पुलिस से की है और कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में थानाध्यक्ष पवन कुमार पटेल ने बताया कि मामले की जांच कराई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *