
रायबरेली: उत्तर प्रदेश में वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को देखते हुए वैश्य समाज की राजनीतिक भागीदारी, प्रतिनिधित्व और सामाजिक एकता को मजबूत करने के उद्देश्य से 27 अक्टूबर 2026, मंगलवार को राष्ट्रीय वैश्य महासम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। रायबरेली के रिफॉर्म क्लब में होने वाला यह कार्यक्रम सुबह 11 बजे शुरू होगा। सम्मेलन को सफल बनाने के लिए आयोजकों की ओर से तैयारियां की जा रही हैं। साथ ही वैश्य समाज के लोगों से सपरिवार कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की गई है। महासम्मेलन की तैयारियों को लेकर अखिल भारतीय वैश्य एकता परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. सुमंत गुप्ता तरुण सेठ के निवास पर पहुंचे। यहां उनका स्वागत और सम्मान किया गया। इस दौरान परिषद के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष तरुण सेठ, कमल किशोर वार्ष्णेय सहित समाज के अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे। अतिथियों ने डॉ. सुमंत गुप्ता को माला और पटका पहनाकर तथा स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।
राजनीतिक प्रतिनिधित्व और सामाजिक एकता पर चर्चा
इस अवसर पर राष्ट्रीय वैश्य महासम्मेलन की तैयारियों, समाज की एकजुटता और आगामी विधानसभा चुनाव में वैश्य समाज की राजनीतिक भागीदारी को प्रभावी बनाने जैसे विषयों पर चर्चा की गई। उपस्थित लोगों ने समाज के हितों को ध्यान में रखते हुए अधिक से अधिक लोगों को सम्मेलन से जोड़ने पर जोर दिया। आयोजकों के अनुसार, महासम्मेलन में वैश्य समाज की एकजुटता, सामाजिक सहभागिता, राजनीतिक प्रतिनिधित्व और समाज से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर विचार-विमर्श किया जाएगा। इसमें विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े समाज के पदाधिकारियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और गणमान्य अतिथियों के शामिल होने की संभावना है।
सम्मेलन का उद्देश्य वैश्य समाज के लोगों को एक मंच पर लाकर आपसी सहयोग और सामाजिक सहभागिता को मजबूत करना है। इसके माध्यम से समाज की समस्याओं और अपेक्षाओं को प्रभावी ढंग से सामने रखने पर भी जोर दिया जाएगा। तैयारियों से जुड़े कार्यक्रम में प्रमुख समाजसेवी कमल किशोर वार्ष्णेय, हरीश अग्रवाल, बासु अग्रवाल, महेश अग्रवाल और कपिल खंडेलवाल सहित समाज के अनेक लोग उपस्थित रहे। सभी ने सम्मेलन को सफल बनाने के लिए अपने विचार रखे और समाज के लोगों से अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने का आह्वान किया। कार्यक्रम के आयोजक एवं अखिल भारतीय वैश्य एकता परिषद के प्रदेश कोषाध्यक्ष प्रदीप गुप्ता ‘सीमेंट वाले’ ने वैश्य समाज के लोगों से 27 अक्टूबर को रायबरेली के रिफॉर्म क्लब पहुंचकर राष्ट्रीय वैश्य महासम्मेलन को सफल बनाने की अपील की है।