दिवाली पर रोशनी से जगमगाएगा ग्रेटर नोएडा, सभी प्रवेश द्वार और गोलचक्कर होंगे रोशन

ग्रेटर नोएडा: दिवाली के त्योहार पर ग्रेटर नोएडा को रोशनी से जगमगाने की तैयारी तेज हो गई है। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण शहर के सभी प्रवेश द्वारों और गोलचक्करों को रोशन करने की दिशा में काम कर रहा है। इसके साथ ही विभिन्न गांवों और सेक्टरों में भी स्ट्रीट लाइट लगाने और प्रकाश व्यवस्था बेहतर बनाने की तैयारी है। प्राधिकरण की एसीईओ प्रेरणा सिंह ने विद्युत अभियांत्रिकी विभाग की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को दिवाली से पहले स्ट्रीट लाइट लगाने और उन्हें चालू करने के निर्देश दिए हैं। एसीईओ ने स्पष्ट किया कि शहर के प्रमुख स्थानों के साथ गांवों और सेक्टरों में भी प्रकाश व्यवस्था को बेहतर बनाया जाए। इसके लिए चल रहे कार्यों में तेजी लाने और निर्धारित समयसीमा के भीतर काम पूरा करने पर जोर दिया गया। प्राधिकरण की कोशिश है कि दिवाली से पहले संबंधित क्षेत्रों में स्ट्रीट लाइट चालू हो जाएं, ताकि शहर के अलग-अलग हिस्सों में रोशनी की व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके।

गांवों और सेक्टरों में भी तेज होगा काम

बैठक में बादलपुर और अस्तौली में निर्माणाधीन 33 केवी सबस्टेशनों के कार्यों की भी समीक्षा की गई। इन दोनों बिजलीघरों के निर्माण की निर्धारित समयसीमा में अभी छह महीने शेष हैं। इसके बावजूद एसीईओ प्रेरणा सिंह ने अधिकारियों को निर्माण कार्य में तेजी लाकर दोनों सबस्टेशनों को तय समय से पहले पूरा कराने के निर्देश दिए। इन बिजलीघरों के तैयार होने से संबंधित क्षेत्र में बिजली आपूर्ति व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। किसानों को आवंटित छह प्रतिशत आबादी भूखंडों में बिजली संबंधी कार्यों की भी समीक्षा की गई। एसीईओ ने अधिकारियों को नवंबर तक सभी संबंधित कार्य पूरे करने के निर्देश दिए। खैरपुर, खोदना खुर्द, पतवाड़ी, छोटी मिलक और इटैड़ा समेत कई गांवों में इन भूखंडों के क्षेत्र में बिजली के कार्य चल रहे हैं।

वहीं, तिलपता, कुलेसरा, छपरौला और खोदना खुर्द समेत 17 गांवों में स्ट्रीट लाइट लगाने का काम प्रगति पर है। एसीईओ ने निर्देश दिए कि दिवाली से पहले इन लाइटों को लगाकर चालू कर दिया जाए। इसके अलावा सेक्टर-2, सेक्टर-3 और सेक्टर-12 समेत अन्य सेक्टरों के पार्कों में भी स्ट्रीट लाइट लगाने को कहा गया है। बैठक में ड्रेन निर्माण कार्यों की भी समीक्षा हुई। एसीईओ ने अधिकारियों को प्रस्तावित कार्यों की टेंडर प्रक्रिया निर्धारित समय में पूरी करने और इसके बाद निर्माण कार्य शुरू कराने के निर्देश दिए। बैठक में ड्रेन विभाग के वरिष्ठ प्रबंधक मनोज कुमार सचान, विद्युत अभियांत्रिकी विभाग के वरिष्ठ प्रबंधक अजित भाई पटेल, अश्विनी चतुर्वेदी, सौरभ भारद्वाज सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *