साइबर ठगी से कैसे बचें? विद्यार्थियों को बताए गए सुरक्षित डिजिटल इस्तेमाल के तरीके

मथुरा: उत्तर प्रदेश सरकार की योजना ‘मिशन शक्ति 6.0’ के अंतर्गत बृहस्पतिवार को छाता स्थित सरस्वती विद्या मंदिर में साइबर सुरक्षा को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान कार्यक्रम का सजीव प्रसारण भी किया गया। विद्यार्थियों को डिजिटल दुनिया में मौजूद खतरों, ऑनलाइन धोखाधड़ी और उनसे बचाव के तरीकों की जानकारी दी गई।

साइबर सुरक्षा के लिए बताए जरूरी उपाय

कार्यक्रम में महिला उप निरीक्षक शकुन वेदवान और अन्य वक्ताओं ने विद्यार्थियों को ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचने, सोशल मीडिया का सुरक्षित उपयोग करने, मजबूत पासवर्ड रखने और निजी डेटा की सुरक्षा के बारे में बताया। उन्होंने समझाया कि डिजिटल माध्यमों का इस्तेमाल करते समय सावधानी बरतना बेहद जरूरी है। किसी भी अज्ञात स्रोत से मिले लिंक पर क्लिक करने या अपना ओटीपी किसी के साथ साझा करने से बचना चाहिए। विद्यार्थियों को सलाह दी गई कि वे अपने सोशल मीडिया और अन्य डिजिटल खातों के लिए मजबूत और जटिल पासवर्ड का इस्तेमाल करें। साथ ही अपनी निजी जानकारी को सुरक्षित रखें और ऑनलाइन गतिविधियों के दौरान सतर्क रहें। वक्ताओं ने बताया कि यदि किसी के साथ साइबर धोखाधड़ी होती है, तो वह तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज करा सकता है।

विद्यालय के प्रधानाचार्य तिवारी ने मिशन शक्ति 6.0 अभियान की सराहना करते हुए कहा कि वर्तमान डिजिटल युग में छात्र-छात्राओं, विशेषकर छात्राओं को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक होना बेहद आवश्यक है। कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। सभी ने सतर्क रहने और सुरक्षित डिजिटल नागरिक बनने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *