
मथुरा: जिले के कस्बा चौमुहां में बुधवार देर शाम स्थानीय पत्रकार धर्मेंद्र सिसौदिया उर्फ डब्बू पर जानलेवा हमले का मामला सामने आया है। आरोप है कि रास्ते में रोककर पहले उनके साथ गाली-गलौज की गई और विरोध करने पर लाठी-डंडों से मारपीट की गई। इसी दौरान धारदार चाकू से हमला कर उनके बाएं हाथ की पहली उंगली काटकर पंजे से अलग कर दी गई। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। घायल पत्रकार को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
रास्ते में रोककर की मारपीट, विरोध पर चाकू से हमला
प्राप्त जानकारी के अनुसार, चौमुहां निवासी पत्रकार धर्मेंद्र सिसौदिया उर्फ डब्बू बुधवार देर शाम बाजार से अपना काम निपटाकर घर लौट रहे थे। आरोप है कि रास्ते में पहले से मौजूद बीरू और कुशल, पुत्रगण मदनगोपाल, ने उन्हें रोक लिया और गाली-गलौज शुरू कर दी। जब धर्मेंद्र ने इस व्यवहार का विरोध किया, तो आरोपियों ने उन पर हमला कर दिया। बताया गया है कि हमलावरों ने पत्रकार को जमीन पर गिराकर लाठी-डंडों से पीटना शुरू कर दिया। उनकी चीख-पुकार सुनकर आसपास के दुकानदार, स्थानीय लोग और उनके भाई उन्हें बचाने के लिए मौके पर पहुंचे। इसी दौरान भीड़ को अपनी ओर आता देखकर आरोप है कि कुशल ने धर्मेंद्र पर धारदार चाकू से वार कर दिया। हमले में उनके बाएं हाथ की पहली उंगली कटकर पंजे से अलग हो गई। गंभीर रूप से घायल पत्रकार खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़े।
घटना की सूचना मिलते ही थाना जैत पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। घायल पत्रकार को मेडिकल परीक्षण और उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। इस घटना के बाद कस्बे के लोगों और स्थानीय मीडियाकर्मियों में आक्रोश है। पत्रकार पर हुए हमले को लेकर क्षेत्र में चर्चा बनी हुई है। फिलहाल, पुलिस की जांच और मामले में आगे की कार्रवाई का इंतजार है।