
नई दिल्ली: दिल्ली के जामा मस्जिद मेट्रो स्टेशन पर सुरक्षा जांच के दौरान केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) के जवानों ने एक संदिग्ध यात्री को पकड़ लिया। यात्री के सामान की एक्स-रे जांच के दौरान एक संदिग्ध घनी वस्तु दिखाई दी थी। इसके बाद सुरक्षा कर्मियों ने उसे रोकने की कोशिश की, लेकिन उसने भागने का प्रयास किया। सतर्क जवानों ने उसे स्टेशन के निकास द्वार के पास पकड़ लिया।
अंडरगारमेंट के सिले हिस्से में मिला अज्ञात पदार्थ
जानकारी के मुताबिक, बैगेज स्क्रीनिंग के दौरान एक्स-रे बैगेज इंस्पेक्शन सिस्टम (XBIS) की स्क्रीन पर संदिग्ध वस्तु नजर आई। इसके बाद यात्री के सामान की गहन जांच की गई। इस दौरान उसके अंडरगारमेंट के सिले हुए हिस्से में एक अज्ञात ठोस पदार्थ छिपा हुआ मिला। फिलहाल पदार्थ की पहचान स्पष्ट नहीं हो सकी है और इसे छिपाने के पीछे यात्री का क्या उद्देश्य था, इसकी जांच की जा रही है। CISF के मुताबिक, पकड़े गए यात्री ने खुद को मलेशिया के कुआलालंपुर में रहने वाला अनिवासी भारतीय (NRI) बताया है। सुरक्षा बल ने यात्री और उसके सामान को आगे की कानूनी कार्रवाई तथा जांच के लिए स्थानीय पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस अब बरामद पदार्थ की पहचान करने के साथ मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की पड़ताल कर रही है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि वह पदार्थ क्या था और यात्री ने उसे अपने कपड़ों में क्यों छिपा रखा था। जांच पूरी होने के बाद ही मामले से जुड़ी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।