हमीरपुर के डामर गांव में दीपक से लगी आग, विधवा महिला की पूरी गृहस्थी जलकर राख

हमीरपुर:थाना क्षेत्र के डामर गांव में दीपक की लौ से एक विधवा महिला के कच्चे खपरैल मकान में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और घर में रखा नकदी, जेवर, कपड़े, अनाज समेत पूरी गृहस्थी का सामान जलकर राख हो गया। घटना में महिला को एक लाख रुपये से अधिक का नुकसान होने का अनुमान है। डामर गांव निवासी रानी पत्नी स्वर्गीय लल्लू कोरी के मकान में गुरुवार रात करीब साढ़े नौ बजे दीपक की लौ से पर्दे में आग लग गई। शुरुआत में आग लगने का पता नहीं चल सका, लेकिन जब घर से धुआं उठने लगा और आग की लपटें दिखाई देने लगीं, तब ग्रामीण मौके पर पहुंचे। आग तेजी से फैलने के कारण घर में रखा सामान बचाने का मौका नहीं मिल सका।

संकरे रास्ते के कारण नहीं पहुंच सकी दमकल

आग की जानकारी मिलने पर ग्रामीणों ने एकजुट होकर बुझाने का प्रयास शुरू किया। घटना की सूचना दमकल विभाग को भी दी गई, लेकिन मकान तक पहुंचने वाला रास्ता संकरा होने के कारण दमकल गाड़ी मौके पर नहीं पहुंच सकी। ऐसे में ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। पीड़ित रानी ने बताया कि घर में उनकी पूरी गृहस्थी का सामान रखा था, जो आग में जलकर नष्ट हो गया। बीस हजार रुपये नकद, जेवर, कपड़े, बैंक पासबुक, आधार कार्ड, करीब दो कुंतल गेहूं, आटा, दाल, चना सहित खाद्य सामग्री आग की भेंट चढ़ गई। मकान समेत सामान जलने से उन्हें एक लाख रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है। महिला ने घटना की जानकारी गांव के लेखपाल को दे दी है। आग में घर और गृहस्थी का सामान नष्ट होने से पीड़ित महिला के सामने अब रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करने का संकट खड़ा हो गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *