
मथुरा: स्वर्गीय श्री डीएस धनगर स्मृति तृतीय जिला सब जूनियर वॉलीबॉल प्रतियोगिता का शुभारंभ शुक्रवार को लक्ष्मी इंटरनेशनल स्कूल के खेल मैदान पर हुआ। लक्ष्मी इंटरनेशनल स्कूल और जिला वालीबाल संघ के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित प्रतियोगिता के पहले दिन विभिन्न टीमों के बीच रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। केएमपीएस मथुरा, आरएसपीएस और सेंट फ्रांसिस ने अपने-अपने मैच जीतकर प्रतियोगिता के अगले दौर में प्रवेश किया। प्रतियोगिता के उद्घाटन मुकाबले में केएमपीएस मथुरा ने चिल्ड्रन एकेडमी को सीधे सेटों में 21-15 और 21-13 से पराजित किया। केएमपीएस के खिलाड़ियों ने पूरे मैच में बेहतर तालमेल और खेल कौशल का प्रदर्शन करते हुए जीत हासिल की। दूसरे मुकाबले में आरएसपीएस की टीम ने बीबीआर इंटरनेशनल स्कूल को 21-12 और 21-6 के अंतर से हराकर अगले दौर में जगह बनाई।
तीन मुकाबलों में खिलाड़ियों ने दिखाया दम
दिन के एक अन्य मुकाबले में सेंट फ्रांसिस और रियल पब्लिक स्कूल के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला। सेंट फ्रांसिस ने तीन सेट तक चले रोमांचक मुकाबले में रियल पब्लिक स्कूल को 21-11, 20-22 और 15-12 से हराया। दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने जीत के लिए भरपूर प्रयास किया, लेकिन निर्णायक सेट में सेंट फ्रांसिस ने बढ़त बनाते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया प्रतियोगिता का उद्घाटन मुख्य अतिथि क्षेत्र पंचायत सदस्य हरि सिंह धनगर और जिला वालीबाल संघ के संयुक्त सचिव योगेश यादव ने संयुक्त रूप से किया। दोनों अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर प्रतियोगिता का शुभारंभ कराया। इस दौरान खिलाड़ियों को खेल भावना, अनुशासन और बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित किया गया।
मैचों में निर्णायक की भूमिका जेपी कुशवाह, अभय शुक्ला और मोहन शर्मा ने निभाई, जबकि स्कोरर के रूप में तुषार धनगर और पवन रौतेला मौजूद रहे। प्रतियोगिता के अगले दिन बालिका वर्ग के मुकाबले आयोजित किए जाएंगे। इस अवसर पर प्रतियोगिता आयोजन अध्यक्ष एडवोकेट संजय धनगर, आयोजन सचिव आलोक त्रिपाठी, तुलसीराम धनगर, गौरव शर्मा, दीपायन, गगन, नारायण सिंह, बीएल सारस्वत और गौरव धनगर सहित बड़ी संख्या में खेल प्रशिक्षक एवं खिलाड़ी मौजूद रहे।