तालाब किनारे खड़ा मिला ई-रिक्शा, तीन दिन बाद पानी में मिला 28 वर्षीय युवक का शव

हमीरपुर: जरिया थाना क्षेत्र के गोहांड कस्बे में तीन दिन से लापता 28 वर्षीय ई-रिक्शा चालक का शव शुक्रवार को तालाब में उतराता मिला। शव मिलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए राठ स्थित मोर्चरी भेज दिया। पुलिस प्रथमदृष्टया युवक के शराब के नशे में तालाब में गिरने की आशंका जता रही है। गोहांड कस्बे के कैलाश पटेल नगर निवासी विपिन कुमार (28) पुत्र फूल सिंह अहिरवार 16 नवंबर की शाम ई-रिक्शा लेकर तालाब के पास गया था। वहां से उसने अपने भाई अनिल कुमार को फोन कर तालाब किनारे होने की जानकारी दी और उसे वहां से ले जाने के लिए कहा। जब भाई परिजनों के साथ मौके पर पहुंचा तो तालाब किनारे ई-रिक्शा खड़ा मिला, लेकिन विपिन वहां मौजूद नहीं था। काफी तलाश के बाद भी उसका पता नहीं चल सका। इसके बाद 17 नवंबर को परिजनों ने जरिया थाने में विपिन की गुमशुदगी दर्ज कराई। पुलिस ने उसकी तलाश शुरू की और स्थानीय लोगों से पूछताछ की। पूछताछ में लोगों ने बताया कि 16 नवंबर की शाम विपिन तालाब के पास शराब के नशे में देखा गया था। शुक्रवार को तालाब में शव उतराता दिखाई देने पर ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी।

तालाब में गिरने की आशंका, पोस्टमार्टम से खुलेगा मौत का राज

सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष मनोज पांडेय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को तालाब से बाहर निकलवाया। पुलिस ने पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए राठ मोर्चरी भेज दिया। पुलिस का कहना है कि प्रथमदृष्टया शराब के नशे में तालाब में गिरने से युवक की मौत होने की आशंका है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। विपिन कुमार तीन भाइयों में सबसे बड़ा था और ई-रिक्शा चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। उसकी मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया। मृतक अपने पीछे पत्नी खुशबू और चार वर्षीय बेटे रियांश तथा ढाई वर्षीय बेटे आर्यांश को छोड़ गया है। परिवार के कमाऊ सदस्य की मौत से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *