
नोएडा: सरकारी दफ्तरों में अधिकारियों से मिलने के लिए अब समय भी तय है। नोएडा स्थित मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) कार्यालय के बाहर चस्पा एक नोटिस इन दिनों चर्चा का विषय बना हुआ है। नोटिस में जनता और मीडिया से मिलने के लिए अलग-अलग समय निर्धारित किया गया है।
जनता से मिलने का समय 10 से 12 बजे
CMO कार्यालय के बाहर लगे नोटिस के अनुसार, “जनता से मिलने का समय” सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक निर्धारित किया गया है। यानी जनता की समस्याएं सुनने के लिए दो घंटे का समय तय किया गया है। वहीं, “मीडिया/पत्रकार से मिलने का समय” शाम 4 बजे से 5 बजे तक रखा गया है। इस तरह पत्रकारों से मुलाकात के लिए सिर्फ एक घंटे का समय निर्धारित है।
नोटिस को लेकर उठ रहे सवाल
नोटिस सामने आने के बाद सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या किसी सरकारी अधिकारी के कार्यालय में जनता और मीडिया से मिलने का समय इस तरह अलग-अलग निर्धारित किया जा सकता है? यदि यह कार्यालय का आधिकारिक आदेश है तो इसके पीछे क्या शासनादेश या विभागीय निर्देश हैं, यह भी सवालों के घेरे में है। मीडिया के लिए अलग समय निर्धारित होने से यह सवाल भी उठ रहा है कि स्वास्थ्य विभाग से जुड़े किसी जरूरी या तत्काल जनहित के मामले में यदि पत्रकार CMO से तुरंत बात करना चाहें तो क्या उन्हें शाम चार बजे तक इंतजार करना होगा?
नोटिस पर लिखा है ‘आज्ञा से मुख्य चिकित्सा अधिकारी’
नोटिस में दोनों समय स्पष्ट रूप से लिखे गए हैं। इसके नीचे “आज्ञा से मुख्य चिकित्सा अधिकारी गौतमबुद्धनगर” अंकित है। ऐसे में यह महज सूचना है या बाकायदा कार्यालय की व्यवस्था, इस पर CMO कार्यालय से स्थिति स्पष्ट किए जाने की जरूरत है। जनता की सुनवाई के लिए दो घंटे और पत्रकारों से मुलाकात के लिए एक घंटे का स्लॉट तय किए जाने के बाद अब सवाल यह है कि सरकारी कार्यालय में सवाल पूछने और जरूरी जानकारी लेने के लिए भी क्या समय-सारिणी जरूरी हो गई है।