
आसिम वकार कांग्रेस में शामिल: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस को बड़ी सफलता मिली है। एआईएमआईएम के वरिष्ठ नेता और मुख्य प्रवक्ता सैयद आसिम वकार बुधवार को कांग्रेस में शामिल हो गए। कांग्रेस कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान उत्तर प्रदेश कांग्रेस प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम, प्रदेश अध्यक्ष अजय राय और अल्पसंख्यक विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष इमरान प्रतापगढ़ी की मौजूदगी में उन्होंने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।
कांग्रेस नेताओं ने किया स्वागत
राजेंद्र पाल गौतम ने कहा कि राहुल गांधी हर वर्ग की आवाज मजबूती से उठा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इससे प्रभावित होकर कई लोग कांग्रेस से जुड़ रहे हैं। वहीं, अजय राय ने आसिम वकार को प्रखर वक्ता बताते हुए कहा कि उनकी सोच राहुल गांधी के देश के लिए देखे गए सपने से जुड़ी है। उन्होंने दावा किया कि 2027 में उत्तर प्रदेश के हर गांव और गली में कांग्रेस का झंडा फहराएगा। इमरान प्रतापगढ़ी ने कहा कि राहुल गांधी की ‘मोहब्बत की दुकान’ के कारवां में नए साथियों के जुड़ने से कांग्रेस लगातार मजबूत हो रही है। उन्होंने आने वाले समय में कई और प्रमुख चेहरों के पार्टी में शामिल होने की बात कही।
AIMIM पर लगाया भाजपा से मिलीभगत का आरोप
कांग्रेस में शामिल होने के बाद आसिम वकार ने एआईएमआईएम पर भाजपा के साथ अंदरूनी मिलीभगत का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि एआईएमआईएम भाजपा से लड़ने की बात करती है, लेकिन जमीन पर भाजपा के खिलाफ मजबूती से खड़े दलों को नुकसान पहुंचाती है। वकार ने पश्चिम बंगाल चुनाव का जिक्र करते हुए हुमायूं कबीर का भी नाम लिया। उन्होंने कहा कि देश में जनहित की सरकार बनाने के लिए सच्चे देशभक्तों को कांग्रेस के साथ आना होगा, क्योंकि उनके अनुसार कांग्रेस ही जमीन पर भाजपा से सीधी लड़ाई लड़ रही है।