रीवा में पवन एक्सप्रेस बस हादसे का शिकार, 5 की मौत; PM मोदी ने जताया दुख

मध्य प्रदेश: मध्य प्रदेश के रीवा में राष्ट्रीय राजमार्ग-39 पर एक भीषण सड़क हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई। सीधी की तरफ जा रही पवन एक्सप्रेस बस की सामने से आ रहे बल्कर ट्रक से जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि बस सड़क से उतरकर खाई में जा गिरी और बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में करीब 20 लोगों के घायल होने की जानकारी है।

NH-39 पर हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, पवन एक्सप्रेस बस सीधी की ओर जा रही थी, जबकि बल्कर रीवा की तरफ आ रहा था। गुढ़ थाना क्षेत्र से करीब चार किलोमीटर आगे दोनों वाहनों की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही गुढ़ थाना पुलिस के साथ राहत और बचाव दल मौके पर पहुंचा। स्थानीय ग्रामीणों और प्रशासन की टीम ने भी बचाव कार्य में मदद की।

20 घायलों का अस्पताल में इलाज

हादसे में घायल करीब 20 लोगों को एंबुलेंस और दूसरे वाहनों की मदद से रीवा के संजय गांधी अस्पताल पहुंचाया गया। घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। रीवा कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट नरेंद्र कुमार ने बताया कि हादसे में पांच लोगों की मौत हुई है और करीब 20 लोग घायल हुए हैं। उन्होंने कहा कि प्रशासन, मेडिकल टीम, स्थानीय ग्रामीण और जनप्रतिनिधि घटनास्थल पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य में जुटे हैं।

PM मोदी ने जताया दुख

रीवा हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी दुख जताया है। उन्होंने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।

उपराष्ट्रपति ने भी जताई संवेदना

उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन ने भी हादसे पर गहरा दुख जताया। उन्होंने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए इस मुश्किल समय में उन्हें हिम्मत मिलने की कामना की। साथ ही उन्होंने हादसे में घायल लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *