हरमनप्रीत कौर का PAK के खिलाफ वर्ल्ड रिकॉर्ड, 150वां टी20 खेलने वाली बनी पहली कप्तान

खेल: भारत की महिला क्रिकेट टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर ने पाकिस्तान के खिलाफ महिला एशिया कप 2026 के मुकाबले में इतिहास रच दिया। दुबई के दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले जा रहे मैच में टॉस के लिए मैदान पर उतरते ही हरमनप्रीत ने कप्तान के रूप में अपना 150वां टी20 इंटरनेशनल मैच पूरा कर लिया। इसके साथ ही वह दुनिया की पहली ऐसी खिलाड़ी बन गईं, जिन्होंने कप्तान के तौर पर 150 टी20 इंटरनेशनल मुकाबले खेले हैं। यह उपलब्धि महिला और पुरुष दोनों क्रिकेट में अब तक किसी खिलाड़ी के नाम नहीं थी।

कप्तान के रूप में सबसे ज्यादा टी20 इंटरनेशनल मैच खेलने वालों की सूची में श्रीलंका की चमारी अथापथु 121 मैचों के साथ दूसरे स्थान पर हैं। ऑस्ट्रेलिया की मेग लैनिंग ने 100, जबकि इंग्लैंड की हीदर नाइट और रवांडा की डायने बिमेनीमाना ने 96-96 मैचों में कप्तानी की है।

हरमनप्रीत ने क्या कहा

कप्तान के रूप में 150वां टी20 मैच खेलने पर हरमनप्रीत कौर ने इसे बड़ी उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि मैदान पर खुद का आनंद लेते रहना सबसे जरूरी है और यही वह कुंजी है जिसे वह बनाए रखने की कोशिश करती हैं। खिलाड़ी के तौर पर यह हरमनप्रीत कौर का 165वां टी20 इंटरनेशनल मुकाबला है। पुरुष क्रिकेट में कप्तान के रूप में सबसे ज्यादा टी20 इंटरनेशनल मैच खेलने का रिकॉर्ड नामीबिया के गेरहार्ड इरास्मस के नाम है, जिन्होंने कप्तान के तौर पर 91 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले हैं।

मुकाबले में पाकिस्तान की कप्तान फातिमा सना ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। भारतीय टीम पहले गेंदबाजी कर रही है। यह टीम इंडिया के ग्रुप चरण का आखिरी मुकाबला है। भारत अपने शुरुआती दोनों मैच जीतकर पहले ही सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई कर चुका है। वहीं पाकिस्तान ग्रुप स्टेज का अपना दूसरा मुकाबला खेल रहा है। टीम इंडिया की प्लेइंग 11: स्मृति मंधाना, शैफाली वर्मा, प्रतिका रावल, हरमनप्रीत कौर (कप्तान), भारती फुलमाली, ऋचा घोष (विकेटकीपर), दीप्ति शर्मा, प्रेमा रावत, नंदनी शर्मा, श्री चरणी और क्रांति गौड़।

पाकिस्तान की प्लेइंग 11: मुनीबा अली (विकेटकीपर), शवाल जुल्फिकार, गुल फिरोजा, आयशा जफर, सदफ शमास, फातिमा सना (कप्तान), उम्म-ए-हानी, एयमान फातिमा, तूबा हसन, नशरा संधू और सादिया इकबाल।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *