
अलीगढ़: सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के घंटाघर चौराहे पर क्षत्रिय युवा करणी सेना के जिलाध्यक्ष सचिन राघव के साथ मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें सचिन राघव भीड़ के सामने हाथ जोड़ते हुए नजर आ रहे हैं। घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि सचिन राघव के साथ मारपीट होते देखकर बीच-बचाव करने पहुंचे उनके छोटे भाई और दोस्त के साथ भी मारपीट की गई। आरोप है कि इसके बाद सचिन राघव को घसीटते हुए अंबेडकर पार्क तक ले जाया गया। वहां उनसे वाल्मीकि समाज और डॉ. भीमराव अंबेडकर के सम्मान में नारे लगवाए जाने की बात कही जा रही है।
वीडियो और सीसीटीवी से आरोपियों की पहचान
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस के पहुंचने तक आरोपी वहां से फरार हो गए। इसके बाद पुलिस ने घायलों को अस्पताल भेजा, जहां उनका मेडिकल कराया गया।
पुलिस वायरल वीडियो और घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है। पुलिस की ओर से आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। घटना को लेकर सामने आए वीडियो और अन्य साक्ष्यों की जांच के बाद मामले की आगे की कार्रवाई की जाएगी।