
ग्रेटर नोएडा: अल्फा-1 में बीटा-1 के गेट के सामने स्थित बस स्टैंड की छत पिछले करीब एक महीने से क्षतिग्रस्त पड़ी है। बस स्टैंड की छत पर लगी टीन टूटने के कारण यहां बस का इंतजार करने वाले यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, रोजाना बड़ी संख्या में लोग बस का इंतजार करने के लिए यहां पहुंचते हैं और इसी छत के नीचे बैठते हैं। छत की टीन टूटने के कारण यात्रियों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बनी हुई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षतिग्रस्त टीन अचानक नीचे गिरने से कोई यात्री चोटिल हो सकता है। लंबे समय से छत की मरम्मत नहीं होने के कारण लोगों में नाराजगी भी है।
समय रहते मरम्मत की मांग
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि बस स्टैंड की टूटी छत की जल्द मरम्मत नहीं कराई गई तो किसी दिन बड़ा हादसा हो सकता है। यात्रियों की लगातार आवाजाही को देखते हुए क्षतिग्रस्त हिस्से की जांच कराकर उसे ठीक कराने की जरूरत बताई जा रही है। लोगों ने संबंधित विभाग और प्राधिकरण के अधिकारियों से मांग की है कि अनहोनी होने से पहले बस स्टैंड की टूटी छत की जांच कराकर जल्द से जल्द मरम्मत कराई जाए। उनका कहना है कि मरम्मत होने से बस का इंतजार करने वाले यात्रियों को राहत मिलेगी और उनकी सुरक्षा भी सुनिश्चित हो सकेगी।