
हमीरपुर: पुलिस अधीक्षक एमएस पाठक ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई के दौरान विभिन्न थाना क्षेत्रों से आए फरियादियों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान लोगों ने अपनी-अपनी शिकायतें एसपी के सामने रखीं और मामलों में कार्रवाई किए जाने की मांग की।
जनसुनवाई में फरियादियों की ओर से रखी गई शिकायतों को सुनने के बाद पुलिस अधीक्षक ने संबंधित अधिकारियों को उनके निस्तारण के संबंध में निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर तत्काल निस्तारण किया जाए और प्रत्येक प्रकरण में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित हो।
लापरवाही पर थाना प्रभारियों को चेताया
एसपी एमएस पाठक ने थाना प्रभारियों को निर्देश दिया कि फरियादियों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए मामलों का समय से निस्तारण किया जाए। उन्होंने कहा कि लोगों को न्याय दिलाने में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। जनसुनवाई के दौरान शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही बरतने वाले थाना प्रभारियों को एसपी ने फटकार लगाई। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि मामलों के निस्तारण में लापरवाही सामने आती है तो संबंधित थाना प्रभारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। एसपी ने अधिकारियों को शिकायतों के प्रति गंभीरता बरतने और फरियादियों को समय से न्याय दिलाने के निर्देश दिए।